1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के प्रसिद्ध K Rustom आइसक्रीम पार्लर का फूड लाइसेंस सस्पेंड, चूहे और मक्खियां मिलने के बाद FDA का एक्शन

मुंबई के प्रसिद्ध K Rustom आइसक्रीम पार्लर का फूड लाइसेंस सस्पेंड, चूहे और मक्खियां मिलने के बाद FDA का एक्शन

मुंबई के प्रतिष्ठित K Rustom आइसक्रीम पार्लर का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, FDA ने जांच में चूहे और मक्खियां मिलने के बाद ये कार्रवाई की है।

K Rustom ice cream parlour Food license suspended- India TV Hindi
Image Source : REPORTER FDA ने K Rustom आइसक्रीम पार्लर के खिलाफ लिया एक्शन।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में प्रतिष्ठित K Rustom & Co आइसक्रीम पार्लर में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां पाए जाने के बाद फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तत्काल प्रभाव से उसका फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है। चर्चगेट स्थित इस मशहूर आइसक्रीम पार्लर में FDA की टीम को निरीक्षण के दौरान चूहे, घर की मक्खियां, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और अन्य गंभीर अनियमितताएं मिलीं।

खाद्य स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन

FDA अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कोल्ड चेन व्यवस्था में गड़बड़ी, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और अनिवार्य फूड सेफ्टी रिकॉर्ड का अभाव भी पाया गया। अधिकारियों ने कहा कि ये सभी खामियां खाद्य स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन हैं और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा करती हैं। इसलिए प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी कमियों को दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के बाद ही लाइसेंस बहाल किया जाएगा।

1953 में हुई थी स्थापना

साल 1953 में खोदाबख्श रुस्तम ईरानी द्वारा स्थापित K Rustom & Co मुंबई के सबसे पुराने और प्रसिद्ध आइसक्रीम पार्लरों में से एक है। यह अपनी मशहूर आइसक्रीम सैंडविच, जो वेफर के बीच परोसी जाती है, के लिए जाना जाता है। चर्चगेट स्थित यह आउटलेट दशकों से मुंबईकरों और पर्यटकों की पसंदीदा जगह रहा है।

Image Source : ReporterK Rustom आइसक्रीम पार्लर पर कार्रवाई।

अन्य पर भी कार्रवाई?

राज्यव्यापी अभियान के दौरान FDA ने कुल 16 होटल, रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें से 10 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि तीन के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। K Rustom के अलावा, धुले के होटल पाटिलवाड़ा का लाइसेंस आवश्यक फूड बिजनेस लाइसेंस के बिना संचालन करने के कारण निलंबित किया गया। वहीं नागपुर की श्री हीरा स्वीट्स प्राइवेट लिमिटेड में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले क्षेत्र के पास मृत चूहा मिलने पर उसका भी लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

लाखों रुपये का गुटखा भी जब्त

अलग-अलग छापेमारी में FDA ने लगभग 9.6 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा भी जब्त किया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा कानूनों के उल्लंघन के आरोप में पांच प्रतिष्ठानों से करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य का दूध, दुग्ध उत्पाद, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की गई।

ये भी पढ़ें- महिला और पुरुष ने खुद को बताया FDA का अधिकारी, फिर डर दिखाकर होटल से पैसे ऐंठने की कोशिश, अब पुलिस ने शुरू किया एक्शन

गुटखे के अवैध कारोबार पर सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी, महाराष्ट्र सरकार लेगी MCOCA के तहत एक्शन