1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर के जबरन गोबर खिलाया, देखें पुणे का हैरान करने वाला वीडियो

ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर के जबरन गोबर खिलाया, देखें पुणे का हैरान करने वाला वीडियो

महाराष्ट्र के पुणे में एक ट्रक ड्राइवर से मारपीट करने और उसे जबरन गोबर खिलाने का वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखकर हर कोई हैरान हैं। पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की है।

pune truck driver beaten eated gobar dung- India TV Hindi
Image Source : REPORTER ड्राइवर को गोबर खिलाकर मारपीट।

महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ट्रक चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और उसे जबरन गोबर खिलाने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार यह घटना 6 मार्च की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक यह घटना अंबेगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई, जहां खुद को गोरक्षक बताने वाले कुछ लोगों ने एक ट्रक को रोक लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक में भैंसें भरी हुई थीं। आरोप है कि ट्रक रोकने के बाद चालक के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे जबरन गोबर खाने के लिए मजबूर किया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

चालक के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला 

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक के खिलाफ पशुओं की कथित तस्करी को लेकर भी मामला दर्ज किया गया है। वहीं चालक के साथ मारपीट करने और जबरन गोबर खिलाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

तीन लोगों पर केस, दो गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में विपाशा मणिकम, हेमंत गायकवाड़ और विराज सोले के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और आपत्तिजनक हरकत करने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार विपाशा मणिकम और हेमंत गायकवाड को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी विराज सोले की तलाश जारी है।

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा मामला

पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में कथित तौर पर ट्रक चालक को जबरन गोबर खिलाते और उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुलिस स्टेशन से बहुत दूर नहीं बल्कि आसपास के इलाके में ही बनाया गया था। ऐसे में कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि उस समय तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई। फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

ये भी पढ़ें- "बेटी गुस्से में पिता पर रेप का आरोप लगाए, यह कल्पना करना भी कठिन", बॉम्बे हाई कोर्ट ने लगाई उम्रकैद पर मुहर

नशे में धुत युवक ने अचानक कर दिया हमला, क्लीनर की मौके पर मौत, सामने आया डरावना वीडियो