A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बर्थडे पार्टी से लौटते हुए 251 की स्पीड से दौड़ाई BMW, खौफनाक एक्सीडेंट में 2 दोस्तों की मौत; बदलापुर में सड़क पर बिखरे शव के टुकड़े

बर्थडे पार्टी से लौटते हुए 251 की स्पीड से दौड़ाई BMW, खौफनाक एक्सीडेंट में 2 दोस्तों की मौत; बदलापुर में सड़क पर बिखरे शव के टुकड़े

युवाओं के बीच हाई-स्पीड ड्राइव को लेकर एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि सड़क पर एक छोटी-सी गलती आपकी जिंदगी छीन सकती है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा बदलापुर के पास हुआ, जहां मुंबई-बड़ौदा हाइवे पर एक तेज रफ्तार BMW कार हादसे का शिकार हो गई।

BMW car accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी BMW कार।

ठाणे: महाराष्ट्र के बदलापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मुंबई-बड़ौदा महामार्ग पर तेज रफ्तार BMW कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार की रफ्तार 250 किमी प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 21 जून की तड़के यह दुर्घटना उस समय हुई जब BMW कार टिटवाला से बदलापुर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 251 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। एरंजाड क्षेत्र के पास चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार कई बार पलटी खाती हुई सड़क पर घिसटती चली गई।

500 मीटर दूर-दूर बिखरे शव के टुकड़े

इस हादसे में योगेश दिघे और रिकेबा जेकब की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आनंद नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका ठाणे के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक मृतक युवती के शव के अंग करीब 500 मीटर तक दूर-दूर बिखर गए।

हाई स्पीड कार का वीडियो आया सामने-

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच BMW एक्सप्रेसवे पर कई बार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। एक चश्मदीद ने बताया कि कार दो बार बहुत तेज स्पीड में निकली और तीसरी बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे तीनों दोस्त

बताया जा रहा है कि सभी युवक-युवतियां शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद बदलापुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों का दावा है कि चालक शराब के नशे में हो सकता था, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फॉरेंसिक जांच और पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हादसे के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी थी या नहीं।

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

यह भी पढ़ें-

लुधियाना में नाबालिग ने तेज रफ्तार कार से 2 लोगों को उड़ाया, CCTV में कैद हुआ हादसा

इंदौर में दूसरी शादी करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में हुई मौत, प्रेमिका हुई घायल, भाई का हुआ बुरा हाल