1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के नालासोपारा की हाई राइज बिल्डिंग में लगी भीषण आग, दो महिलाओं की मौत, कई लोग बचाए गए

महाराष्ट्र के नालासोपारा की हाई राइज बिल्डिंग में लगी भीषण आग, दो महिलाओं की मौत, कई लोग बचाए गए

महाराष्ट्र के नालासोपारा इलाके में एक हाई राइज बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई है। क्रेन से रेस्क्यू कर कई लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकाला गया। देखें वीडियो...

नालासोपारा की हाई राइज बिल्डिंग में लगी आग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER नालासोपारा की हाई राइज बिल्डिंग में लगी आग

नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में लगी भीषण आग की घटना में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। मृत महिलाओं के नाम फाल्गुनी शाह और अश्विनी पारकर हैं। दोनों की उम्र 50 वर्ष थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग के कारण फैले धुएं में दम घुटने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, इसी इमारत की 14वीं मंजिल पर आग लगने के बाद एक ही परिवार के चार लोग फंस गए थे। करीब 40 से 45 मिनट तक मदद का इंतजार कर रहे इन चारों लोगों को वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल ने क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

इम्पीरियल हाइट्स इमारत में लगी भीषण आग
नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आधी रात के करीब भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इमारत में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। घर से आग की लपटें और बड़ी मात्रा में धुआं बाहर निकलने के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। इस हादसे में फाल्गुनी शाह और अश्विनी पारकर नामक दो महिलाओं की मौत हो गई। तुलिंज अस्पताल की प्रभारी डॉ. कविता जगदा द्वारा दी गई शुरुआती जानकारी के अनुसार, धुएं में दम घुटने के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

देखें वीडियो

चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
इस बीच, आग से बचने के लिए एक ही परिवार के चार लोगों ने इमारत के बाहर बनी एक छोटी-सी जगह का सहारा लिया था। घर के बाहर आग की लपटें निकल रही थीं और इन चारों लोगों को अपनी जान हथेली पर रखकर करीब 40 से 45 मिनट तक मदद का इंतजार करना पड़ा।घटना की जानकारी मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका का अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया। 14वीं मंजिल पर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए बड़ी क्रेन का इस्तेमाल किया गया। अग्निशमन दल के जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आग लगने की वजह पता नहीं
नवरात्रि उत्सव के कारण इलाके में पहले से ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व महापौर रुपेश जाधव घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। आचोले पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। अग्निशमन दल की तत्परता के कारण 14वीं मंजिल पर फंसे चार लोगों की जान बचाने में सफलता मिली। फिलहाल, इस भीषण आग की असली वजह क्या थी, इमारत में अग्निसुरक्षा की व्यवस्था काम कर रही थी या नहीं और इस हादसे में कितने रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। संबंधित विभागों की जांच के बाद अधिक जानकारी सामने आने की संभावना है।

(नालासोपारा से हनीफ पटेल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:
नालासोपारा मामले में नया मोड़, 150 से अधिक अश्लील वीडियो होने का दावा, युवती ने दर्ज कराई दुष्कर्म की शिकायत