दिल्ली के कीर्तिनगर इलाके में बुधवार की शाम एक चारमंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गयी। इस आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। आग की खबर सुनते ही अफरातफरी मच गई और लोग इधर उधर भागने लगे। जानकारी के मुताबिक डीएलएफ औद्योगिक एरिया k 42 में आग बुधवार की शाम 4 बजे के आसपास लगी, जिसकी सूचना दमकल विभाग को 4 बजकर 17 मिनट पर मिली । सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।
देखें वीडियो
आग कॉमर्शियल बिल्डिंग के स्टिल्ड पार्किंग एरिया में लगी, जहां खड़ी 16 गाड़ियां आग में जलकर राख हो गयीं। इनमें 13 कार और 4 दोपहिया वाहन शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक 300 मीटर एरिया में ये चार मंजिला की बिल्डिंग है, जिसमें अलग अलग फ्लोर पर पांच अलग अलग कंपनियां संचालित है। जिस वक्त आग लगी उस समय 100 अधिक कर्मचारी बिल्डिंग के अलग अलग फ्लोर पर काम कर रहे थे । पार्किंग एरिया में लगी आग का धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। धुंआ फैलने से ऊपरी फ्लोर के लोगों को आग लगने की जानकारी मिली।
आग का पता चलते ही अफरातफरी मच गई और लोग इधर उधर भागने लगे। हालांकि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले इलेक्ट्रिकल पैनल में लगी, उसके बाद पास में खड़ी स्कूटी को अपने चपेट में लिया और फिर आग पूरे एरिया में फैल गयी। फिलहाल इलेक्ट्रिक पैनल में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। लेकिन पुलिस अभी घटना की जांच कर रही है।
इससे पहले मई के महीने में कीर्ति नगर इलाके के बी ब्लॉक स्थित के एक इमारत में आग लग गई थी। यह आग ग्राउंड फ्लोर पर लगे बिजली के मीटरों में शार्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी, जिसने देखते ही देखते फैलते हुए इमारत के निकास मार्ग को अपनी चपेट में ले लिया था। इमारत के लोगों ने बगल की घर की छत पर कूद कर अपनी अपनी जान बचाई थी।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में आग का कहर! मोती नगर में LPG सिलेंडर ब्लास्ट से एक की मौत, स्वरूप नगर फैक्ट्री अग्निकांड में 6 घायल