1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली से वापस लौट गया मानसून, समय से 2 दिन पहले हुई विदाई, क्या दस्तक देने वाली है सर्दी?

दिल्ली से वापस लौट गया मानसून, समय से 2 दिन पहले हुई विदाई, क्या दस्तक देने वाली है सर्दी?

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 23, 2026 07:26 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 07:43 pm IST

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून दिल्ली से बुधवार को ही विदा हो गया है, जबकि इसकी सामान्य वापसी तिथि 25 सितंबर है। मौसम कार्यालय के अनुसार, मानसून बुधवार को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अधिकतर हिस्सों, पूरी राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर प्रदेश व गुजरात के कुछ हिस्सों से आगे बढ़ गया है।

बारिश के बीच जाते लोग- India TV Hindi
बारिश के बीच जाते लोग Image Source : PTI/FILE

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मानसून वापस चला गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को दिल्ली से वापस चला गया। इसकी सामान्य वापसी की तारीख 25 सितंबर थी, यानी यह दो दिन पहले ही वापस चला गया। 

देर से आया, जल्दी वापस लौट गया मानसून

मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 1971-2019 के आंकड़ों के आधार पर, दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की सामान्य तारीख 25 सितंबर है। पिछले साल, मानसून 24 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी से वापस गया था। इस साल मानसून ने 2 जुलाई को दिल्ली में दस्तक दी थी, जबकि इसके आने की सामान्य तारीख 27 जून थी। यानी मानसून देरी से आया था लेकिन विदा समय से पहले ले लिया। 

यह भी बताया कि बुधवार को मानसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज़्यादातर हिस्सों, पूरी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, एनसीआर और उत्तर प्रदेश व गुजरात के कुछ हिस्सों से भी वापस चला गया। यानी अब दिल्ली में बारिश की गतिविधियां नहीं होगी। 

इस साल इतनी दर्ज हुई बारिश

विभाग ने बताया कि 1 जून से 23 सितंबर के बीच सफदरजंग में 728.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 629.7 मिमी होती है। यह बारिश सामान्य से 16 प्रतिशत ज़्यादा थी और इसे सामान्य बारिश की श्रेणी में रखा गया है। 1961 के बाद से दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून की सबसे जल्दी वापसी 1982 में हुई थी, जब यह 3 सितंबर को वापस चला गया था, जबकि सबसे देर से वापसी 2013 में हुई थी, जब यह 17 अक्टूबर को वापस गया था।

क्या दस्तक देने वाली है ठंड

दिल्ली में अगले महीने में ठंड दस्तक दे सकती है। अक्टूबर मध्य से ठंड धीरे-धीरे दस्तक लेने लगती है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक गुलाबी ठंड का एहसास होने लगता है। देर रात या तड़के सुबह हल्की-हल्की ठंड का एहसास होने लगता है। मानसून की विदाई के बाद लोगों की निगाह इस पर है कि सर्दी का आगमान कब तक होगा। आमतौर पर दिवाली तक ठंड का असर दिखने लगता है। 

दिल्ली में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C से 35°C और 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है। ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा और दिल्ली में ज़्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान भी सामान्य के आसपास रहेगा। दिन में 15-25 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

वहीं, दिल्ली में शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शनिवार को भी दिल्ली के आकाश में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33°C से 35°C और 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है। दिन में हल्की हवाएं चल सकती हैं।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज में गुरुवार से दोबारा शुरू होंगी ऑफलाइन कक्षाएं, गैंगरेप की घटना के बाद चल रही थी ऑनलाइन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।