नई दिल्लीः दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित दुष्कर्म की घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज (एलएसआर) की ऑनलाइन हो रहीं कक्षाएं बृहस्पतिवार से दोबारा 'ऑफलाइन' संचालित की जाएंगी। लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन की प्राचार्या कनिका के.आहूजा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे लिए अपनी छात्राओं की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि है। हमने अपने संकाय सदस्यों और कॉलेज काउंसलर से अनुरोध किया है कि वे छात्राओं को हरसंभव सहायता देने के लिए उपलब्ध रहें।
इस घटना के बाद से कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कॉलेज समुदाय और छात्राओं के बीच गहरी चिंता देखी जा रही है। कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं से मदद के लिए अपने शिक्षकों और कॉलेज काउंसलर से संपर्क करने को कहा है।
इस वजह से बंद किया गया था कॉलेज
इससे पहले कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप और उसके बाद कॉलेज कैंपस के पास पुलिस एनकाउंटर के बाद, लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने फिजिकल क्लास सस्पेंड कर दी थी और पढ़ाई ऑनलाइन कर दी थी। कॉलेज ने मंगलवार दोपहर को उस समय क्लास सस्पेंड कर दी, जब पुलिस ने मामले के एक आरोपी को कॉलेज के पिछले गेट के पास रोका। एनकाउंटर गेट से लगभग 50 मीटर दूर हुआ, जिससे स्टूडेंट्स और स्टाफ में चिंता फैल गई। आस्था कुंज पार्क में हुई घटना की जानकारी सोमवार शाम को मिली थी।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर दिया था वारदात को अंजाम
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पार्क में जाने से पहले नाबालिग लड़की अपने एक पुरुष दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। तीन लोगों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर उनसे संपर्क किया और फिर लड़की को उसके दोस्त से अलग करके पार्क के एक सुनसान इलाके में ले गए। पुलिस ने बताया कि उन लोगों ने कथित तौर पर लड़की का यौन उत्पीड़न किया और दोनों को धमकाया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद कुछ स्टूडेंट्स ने कथित तौर पर कुछ समय के लिए घर लौटने की बात कही थी, जबकि अन्य ने कहा कि वे अकेले यात्रा करने से बच रहे हैं और ग्रुप में आ-जा रहे हैं।