1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से दरिंदगी के बाद पैरामिलिट्री तैनात, डार्क स्पॉट्स पर नजर, एक्शन में LG और पुलिस

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से दरिंदगी के बाद पैरामिलिट्री तैनात, डार्क स्पॉट्स पर नजर, एक्शन में LG और पुलिस

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Sep 23, 2026 02:51 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 02:53 pm IST

कालका जी इलाके के आस्था कुंज पार्क में हुए नाबालिग से गैंग रेप के बाद पार्क के अंदर दिल्ली पुलिस और ITBP के जवानों को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस पार्क के अंदर पेट्रोलिंग कर रही है।

delhi- India TV Hindi
आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से दरिंदगी के बाद पैरामिलिट्री तैनात Image Source : PTI

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना के बाद शासन और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना के सामने आते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पार्क परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए पुलिस बलों के साथ-साथ ITBP के जवानों की तैनाती कर दी गई है। वारदात के बाद आस्था कुंज पार्क को छावनी में बदल दिया गया है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान पार्क के चप्पे-चप्पे पर लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। 

विशेष रूप से पार्क के अंदर मौजूद उन डार्क स्पॉट्स को चिह्नित किया गया है, जहां आपराधिक तत्वों के छिपने की आशंका रहती है। पुलिस की टीमें इन संवेदनशील जगहों पर समय-समय पर विशेष निगरानी रख रही हैं ताकि सुरक्षा संबंधी किसी भी लापरवाही की गुंजाइश न रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सभी वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक जारी है। इस बैठक में महिला सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। इस बीच आज सुबह उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस के उच्च अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण मुलाकात भी हुई। 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी अनुसार पीड़िता अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद शाम करीब 7:30 बजे आस्था कुंज पार्क में टहलने गई थी। उसी दौरान 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाने लगे। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त को बंधक बना लिया और तीनों ने बारी-बारी से युवती के साथ दरिंदगी की। वारदात के बाद एक्शन में आई दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है, जिनसे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। 

दिल्ली के करोल बाग में 6 साल की बच्ची से हैवानियत 

दिल्ली के करोल बाग स्थित देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ भी दुष्कर्म की खौफनाक वारदात सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो दिल्ली के किशनगंज इलाके का ही रहने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़ित परिवार को पहले से जानता था। 

यह भी पढ़ें:

दहल गई दिल्ली! 2 अलग-अलग इलाकों में रेप और गैंगरेप की वारदात, पुलिस ने शुरू किया एक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।