दिल्ली में शनिवार तड़के एक घर में लगी आग के दौरान एलपीजी सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मोती नगर इलाके के तिलक नगर स्थित सहापुरा की गली नंबर 11 में हुई। वहीं, रविवार को उत्तरी दिल्ली में भी आग ने कहर बरपाया। यहां स्वरूप नगर में एक फैक्ट्री में आग लगने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। इस घटना में छह लोग हताहत होने की जानकारी सामने आई है।
मोती नगर में घर में लगी आग
फायर अधिकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:25 बजे सहापुरा, तिलक नगर की गली नंबर 11 में ग्राउंड प्लस दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी। आग के दौरान घर में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया। स्टेशन ऑफिसर के अनुसार, धमाके के कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
इस हादसे की सूचना करीब 4:30 बजे स्टेशन ऑफिसर बत्ती लाल की ओर से मिली। इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने मौके पर एक वॉटर टेंडर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और एक वॉटर बाउजर भेजा। घटना से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।
स्वरूप नगर की फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप
वहीं, इस घटना के अगले ही दिन दिल्ली में एक ओर अग्निकांड सामने आया। रविवार को उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण आग लग गई। आग गली नंबर 2 स्थित खसरा नंबर 357/58 की इमारत के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर लगी। पुलिस के अनुसार, यहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता था।
घबराहट में छह लोग घायल
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आग की वजह से किसी व्यक्ति की सीधे तौर पर मौत या चोट नहीं हुई। हालांकि, आसपास के लोगों में मची अफरातफरी के बीच सामने वाली इमारत के छह लोग अपने घरों से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।
(रिपोर्ट- ANI)
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में सब्जी पकाने को लेकर झगड़े में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, तीनों बच्चे रोते रहे