मुंबई के कुर्ला इलाके से दिल को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां के नेहरू नगर स्थित एक ऊंची इमारत में लुका-छिपी खेल रहे 11 साल के एक मासूम बच्चे की लिफ्ट के डक्ट में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार को कुर्ला के नेहरू नगर इलाके में स्थित शमीम टॉवर इमारत की 10वीं मंजिल पर हुआ। मृतक बच्चे की पहचान 11 वर्षीय जमीर शेख के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच के अनुसार, जमीर सोसायटी के अन्य बच्चों के साथ बिल्डिंग के कॉरिडोर में हाइड एंड सीक खेल रहा था। इसी दौरान वह छिपने के लिए 10वीं मंजिल पर लगी लिफ्ट के दरवाजे से टिककर खड़ा हो गया। तभी दरवाजा अचानक खुल गया और वह सीधे लिफ्ट के डक्ट में जा गिरा। हादसे के बाद बिल्डिंग में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल जमीर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मासूम के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस दिल दहला देने वाले हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो के आखिरी कुछ सेकेंड्स में देखा जा सकता है कि कैसे खेल-खेल में यह भयानक त्रासदी घटित हो गई। नेहरू नगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में बेस्ट बस ने कई वाहनों को मारी टक्कर
एक अन्य खबर में, मुंबई के भांडुप इलाके में बुधवार सुबह पीछे हट रही बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से 43 वर्षीय एक पैदल यात्री घायल हो गया। बस ने चार अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 8.30 बजे कोंकण नगर में हुई।
पुलिस ने बताया कि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) की बस चालक द्वारा पीछे करते समय अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस ने पहले सड़क किनारे खड़ी तीन मोटरसाइकिलों और एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, फिर एक पैदल यात्री को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासी अतुल आनंद पाडवे को पैर में मामूली चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम. टी. अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें-
जयपुर के SMS अस्पताल के फॉरेंसिक विभाग के हेड डॉ. डिसानिया ने किया सुसाइड, घर में फंदे पर लटका मिला शव
अब प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर दान में घोटाला! निजी अकाउंट में जा रहा था चढ़ावे का पैसा; जांच शुरू