A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: शादी का अनोखा रिटर्न गिफ्ट, दूल्हे ने पूरे गांव के 3,465 लोगों को दिया 1-1 लाख का बीमा कवच

VIDEO: शादी का अनोखा रिटर्न गिफ्ट, दूल्हे ने पूरे गांव के 3,465 लोगों को दिया 1-1 लाख का बीमा कवच

गांव की मतदाता सूची बीमा कंपनी को सौंपी गई, ताकि बिना किसी भेदभाव और कागजी अड़चनों के हर पात्र ग्रामीण को बीमा सुरक्षा मिल सके।

उपहार में एक-एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT उपहार में एक-एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर

नांदेड़: शादियों में मेहमानों को रिटर्न गिफ्ट देने का चलन तो पुराना है, लेकिन महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक ऐसी शादी हुई है, जो सामाजिक सरोकार की एक अनूठी मिसाल बन गई है। यहां एक दूल्हे और उसके परिवार ने अपनी खुशियों में पूरे गांव को शामिल करते हुए, गांव के हर एक व्यक्ति को सुरक्षा का सबसे बड़ा तोहफा दिया है।

कंधार तालुका के बहादरपुरा गांव में रहने वाले दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर और उनके परिवार ने शादी के शुभ अवसर पर गांव के सभी 3,465 ग्रामीणों को एक-एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपहार में दिया है। इस अनूठी पहल के तहत कुल 33.6 करोड़ रुपये का समूह दुर्घटना बीमा कराया गया है।

बीती 20 मई को संपन्न हुई इस शादी में पारंपरिक रीति-रिवाजों, बैंड-बाजे और भव्य दावत का पूरा आयोजन था। लेकिन जब 'रिटर्न गिफ्ट' की बात आई, तो पेठकर परिवार के इस फैसले ने पूरे इलाके को चौंका दिया और साथ ही वाहवाही भी बटोरी।

क्यों लिया यह फैसला?

दरअसल, ग्रामीण इलाकों में अक्सर सांप के काटने, बिजली गिरने या खेती-किसानी के काम के दौरान होने वाले हादसों में लोगों की असमय मौत हो जाती है। ऐसे हादसों से गरीब परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। ऐसे में परिवार ने सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अनोखा फैसला लिया।

पेठकर परिवार ने ग्राम पंचायत के नाम पर समूह दुर्घटना बीमा पॉलिसी खरीदी। इसके लिए गांव की मतदाता सूची बीमा कंपनी को सौंपी गई, ताकि बिना किसी भेदभाव और कागजी अड़चनों के हर पात्र ग्रामीण को बीमा सुरक्षा मिल सके। यह पॉलिसी एक साल तक वैध रहेगी। हालांकि, दूल्हे के परिवार में इस पूरे बीमा पॉलिसी को लेने के लिए उन्हें कितना पैसा खर्च करना पड़ा इसका खुलासा नहीं किया। परिवार का मानना है कि दान और पुण्य की रकम को सार्वजिनक नहीं किया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में DRDO कॉम्प्लेक्स के अंदर चोरी, महिला साइंटिस्ट के घर से लाखों की ज्वेलरी और नकदी गायब

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बैलगाड़ी से गए वोट डालने, पत्नी को भी बैठाया, चुनाव में हिंसा की भी खबर