देश की राजधानी दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले DRDO कॉम्प्लेक्स के अंदर रेजिडेंशियल एरिया में चोरी की घटना हुई है। दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में स्थित इस हाई-सिक्योरिटी कॉम्प्लेक्स के अंदर घुसकर चोरों ने DRDO की एक महिला साइंटिस्ट के घर को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला साइंटिस्ट अपने परिवार से मिलने 15 मई को चंडीगढ़ गई थीं। जब वह 23 मई को वापस दिल्ली लौटीं, तो घर का नजारा देखकर दंग रह गईं। पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर से महंगे जेवर, चांदी के बर्तन, घड़ियां और अन्य महंगे समान गायब मिले।
चंडीगढ़ गई थीं साइंटिस्ट, तभी हुई चोरी
महिला साइंटिस्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह 15 से 23 मई के बीच अपने घर नहीं थीं, तब चोर घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर घुसे और अलमारी को तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवर, नकदी और चांदी के बर्तन लेकर फरार हो गए।
उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति की पोस्टिंग चंडीगढ़ में है। उनकी 5 साल की बेटी भी चंडीगढ़ में ही अपने पिता के पास रहती है और वहीं पढ़ाई करती है। महिला साइंटिस्ट अपने पति और बेटी से मिलने के लिए चंडीगढ़ गई हुई थीं, इसी दौरान यह वारदात हुई। घटना की जानकारी महिला साइंटिस्ट के पड़ोसियों ने बीती 23 मई को फोन पर दी, जब पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा टूटा हुआ देखा।
45 से 50 लाख रुपये के जेवर चोरी
महिला साइंटिस्ट के मुताबिक, चोर घर में रखे 280 ग्राम सोना, 300 ग्राम चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए, जिनकी मौजूदा कीमत तकरीबन 45 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोरों ने घर में रखी महंगी घड़ियां, 15,000 रुपये नकद और कुछ पाउंड एवं दिरहम भी चुरा लिए। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम DRDO कॉम्प्लेक्स के अंदर हुई चोरी की जांच करने मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामले की FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
चंडीगढ़ में भीषण हादसा, एक के बाद एक फटे 3 सिलेंडर, तीन मंजिला मकान क्षतिग्रस्त, 3 गंभीर