पंजाब में 8 नगर निगमों और 75 नगर परिषदों सहित कुल 104 स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए आज सुबह से मतदान जारी है। इस बीच, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बैलगाड़ी में सवार होकर अपनी पत्नी के साथ बठिंडा के मलौट में वोट डालने पहुंचे। पेट्रोल और डीजल की बढ़ रही कीमतों के विरोध में बैलगाड़ी में सवार होकर पहुंचे।
रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार पर हमला
वहीं, रायकोट में वार्ड नंबर- 4 से कांग्रेस के उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह हमला आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों द्वारा करवाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बन गया है। लेकिन हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला चुनावी रंजिश के चलते किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ अस्पताल और घटनास्थल के आस-पास जुटनी शुरू हो गई। कांग्रेस नेताओं ने इस हमले को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि रायकोट को पहले गुंडागर्दी और भय की राजनीति से बाहर निकालकर विकास की राह पर लाया गया था, लेकिन अब फिर से लोगों में डर का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए विरोधियों को डराने और दबाव बनाने के लिए इस तरह की हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
कांग्रेस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भयमुक्त होकर अधिक से अधिक मतदान करें और हिंसा की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें। दूसरी ओर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
AAP ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार
बता दें कि पंजाब के जिन 8 नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है, उनमें- मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट शामिल हैं। इसके अलावा 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। इन स्थानीय निकायों के कुल 1,896 वार्डों में मतपत्रों के जरिए चुनाव कराया जा रहा है। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और यह शाम 5 बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती 29 मई को होगी।
इस बार स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) ने सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार उतारे हैं। इसके बाद कांग्रेस के 1,550 उम्मीदवार, बीजेपी के 1,316 उम्मीदवार, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के 1,251 उम्मीदवार और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 96 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा, स्थानीय निकाय चुनावों में 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली में DRDO कॉम्प्लेक्स के अंदर चोरी, महिला साइंटिस्ट के घर से लाखों की ज्वेलरी और नकदी गायब