राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के भीतर केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। एनसीपी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष उदयकुमार निंबाजी आहेर ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पत्र लिखकर सांसद पार्थ पवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की सिफारिश करने की मांग की है। यह पत्र 13 जुलाई 2026 का है। इसमें पार्थ पवार की तमाम खूबियां गिनाते हुए और NCP के देशभर में विस्तार का हवाला देते हुए पार्थ को मंत्री बनाने की मांग की गई है।
NCP नेता ने की पार्थ को केंद्रीय मंत्री बनाने की वकालत
उदयकुमार निंबाजी आहेर के पत्र में दावा किया गया है कि पार्थ पवार युवा नेतृत्व का चेहरा हैं और उन्हें केंद्र में मौका मिलने से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का देशभर में विस्तार करने में मदद मिलेगी। पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी पार्थ पवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने का आग्रह करने की अपील की गई है।
पार्थ की युवाओं को जोड़ने की खूबी का भी किया जिक्र
एनसीपी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष के पत्र में पार्थ पवार के पक्ष में कई तर्क दिए गए हैं। इनमें उनकी युवा छवि, हिंदी और अंग्रेजी पर पकड़, लंदन में उच्च शिक्षा, राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की क्षमता और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की संभावनाओं का उल्लेख किया गया है।
पार्थ को मिले अपनी क्षमता साबित करने का मौका
साथ ही, ये भी कहा गया है कि उन्हें राजनीतिक रूप से परिपक्व होने का अवसर दिया जाना चाहिए और आलोचनाओं के बजाय उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलना चाहिए।
पार्थ पवार कौन हैं?
पार्थ पवार महाराष्ट्र के एक प्रमुख युवा नेता, व्यवसायी और NCP अजित पवार गुट के नेता हैं, जो अभी महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद भी हैं। पार्थ पवार, महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे हैं। अप्रैल, 2026 में पार्थ पवार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली और अब उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दिलाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इससे पहले NCP में खटपट की खबरें भी आई थीं, तब प्रफुल्ल पटेल को सुनेत्रा पवार और पार्थ को सफाई देनी पड़ी थी।
ये भी पढ़ें- पवार परिवार में बढ़ी नजदीकियां! शरद पवार से सलाह लेते दिखे पार्थ परिवार, क्या एनसीपी का विलय होगा?