पुणे: एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को आज पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक अस्पताल से डिस्चार्ज मिल गया। कमजोरी की शिकायत के बाद वे पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। इस दौरान आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार को फोन किया और उनकी सेहत का हालचाल जाना। शरद पवार के करीबी मित्र विट्ठल मणियार ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत के दौरान शरद पवार से कहा कि सुप्रिया सुले तैयार हो गई हैं और हम देश संभालने के लिए तैयार हैं। आप देश की चिंता न करें और अपनी सेहत का ख्याल रखें। इस पर शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि जब आप लोग हैं, तो मुझे देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। आप अपना काम आगे जारी रखें।
सुप्रिया सुले का ट्वीट
इससे पहले सुप्रिया सुले ने ट्वीट कर दी थी जानकारी, उन्होंने बताया था कि हम बाबा को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।
शरद पवार की सेहत पर अपडेट
शरद पवार के पारिवारिक मित्र विट्ठल मनियार ने ये बातें बताईं। उन्होंने कहा, "शरद पवार की सेहत बहुत अच्छी है; कोई गंभीर समस्या नहीं है। दो दिन पहले उन्हें खांसी और थोड़ी जकड़न महसूस हो रही थी, जिसके चलते उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। वे अपनी सेहत को लेकर हमेशा बहुत सतर्क रहते हैं, इसलिए वे चेक-अप के लिए आए थे। सभी टेस्ट रिपोर्ट ठीक आई हैं, उनमें चिंता की कोई बात नहीं है। उन्हें उन दो समस्याओं के लिए कुछ इलाज की ज़रूरत थी, और सबसे ज़रूरी बात, उन्हें थोड़ा आराम चाहिए था।"
मनियार ने बताया, "वे उसी आराम के लिए अस्पताल में रुके थे और कल ही जाने वाले थे। हालांकि, हम सभी ने उनसे डॉक्टरों की देखरेख में एक और दिन रुकने का अनुरोध किया। वे आज सुबह मुंबई के लिए रवाना हो गए। उन्हें बस थोड़ी कमज़ोरी महसूस हो रही है, जो कुछ खाने-पीने के बाद ठीक हो जाएगी। जल्द ही, आप उन्हें फिर से हमारे बीच देखेंगे, बिल्कुल वैसे ही जैसे वे हमेशा रहते थे..."
ये भी पढ़ें:
सुनेत्रा पवार ने क्यों बुलाई NCP के विधायकों की बैठक? लिए जा सकते हैं अहम फैसले