A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'पहलगाम हमले के आतंकियों की करें पहचान...', शिवसेना देगी अतिरिक्त 10 लाख रुपये इनाम

'पहलगाम हमले के आतंकियों की करें पहचान...', शिवसेना देगी अतिरिक्त 10 लाख रुपये इनाम

पहलगाम हमले के आतंकियों की तलाश सेना जोरों से कर रही है, लेकिन अभी तक वे हाथ नहीं लग सके हैं। इसी बीच सेना की मदद के लिए शिवसेना ने भी पहलगाम हमले के आतंकियों की पहचान के लिए इनाम देने की घोषणा की है।

Eknath Shinde- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के आतंकवादियों की पहचान तो हो गई है, लेकिन अभी तक सुरक्षा बल इन आतंकियों तक पहुंच नहीं पाए हैं। हालाकि सुरक्षा बलों ने आतंकियों पर 20 लाख रुपये इनाम भी रखा है, लेकिन अब तक इन आतंकियों के बारे में कोई इनपुट नहीं मिला है। इसी को लेकर अब शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है। शिवसेना ने ऐलान किया है कि जो भी इन आतंकियों का पहचान करेगा उसे पार्टी की ओर से अतिरिक्त इनाम दिए जाएंगे।

सेना पहले ही कर चुकी है 20 लाख रुपये देने का ऐलान

शिवसेना ने पहलगाम आतंकी हमले के संदिग्धों की पहचान पर 10 लाख रुपये अतिरिक्त इनाम की घोषणा की है। बता दें कि यह घोषणा जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा तीन संदिग्धों की तस्वीरें जारी किए जाने के बाद की गई है, जिन पर पहले ही 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की जा चुकी है। शिवसेना की यह पहल जम्मू-कश्मीर पुलिस के प्रयासों को सहयोग देने के उद्देश्य से की गई है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

शिवसेना देगी 10 लाख रुपये

शिवसेना ने इसे लेकर एक पत्र भी जारी किया जिसमें लिखा गया,'आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए, शिवसेना ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में, आज पाहलगाम आतंकी हमले में शामिल संदिग्धों की पहचान में मदद करने वाली सूचना देने पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

Image Source : INDIA TVशिवसेना ने जारी किया पत्र

एकनाथ शिंदे ने कही ये बात

आगे पत्र में एकनाथ शिंदे ने कहा,“हम आतंकवाद और उसका समर्थन करने वालों के सख्त खिलाफ हैं। हम नागरिकों से आग्रह करते हैं कि यदि उनके पास कोई भी जानकारी हो जो इन अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में मदद कर सकती है, तो वह आगे आएं। हम इनाम राशि बढ़ाकर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दोषियों को सजा मिले और पीड़ितों व उनके परिवारों को न्याय प्राप्त हो।”

आगे पत्र में शिवसेना ने अपील करते हुए कहा,"हम जनता से अपील करते हैं कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में योगदान दें और देश की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने में मदद करें।"

26 लोगों ने गवांई जान

जानकारी दे दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। इस आतंकी हमले को लेकर अभी जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें:

​Boycott Turkey: पाकिस्तान के दोस्त तुर्की को एक और झटका, फल विक्रेताओं ने सेब नहीं खरीदने का किया फैसला
12 साल पहले किया था नाबालिग से रेप, अब कोर्ट ने गुनहगार को सुनाई ये सख्त सजा