महाराष्ट्र के वाशिम तालुका की जिला परिषद स्कूल से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। 57 वर्षीय शिक्षक दिलीप बोरकर पर चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा के साथ पढ़ाई कराने के बहाने छेड़छाड़ की है। पीड़ित छात्रा की मां ने वाशिम ग्रामीण पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में गिरफ्तार आरोपी दिलीप बोरकर को अदालत ने 12 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
महिला शिक्षिका को बताई आपबीती तो खुला राज
शिक्षक दिलीप बोरकर पिछले कई महीनों से स्कूल की छोटी छात्राओं के साथ गलत व्यवहार कर रहा था। आरोप है कि वह पढ़ाई के बहाने तीसरी और चौथी कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुलाता था और कथित तौर पर उन्हें गोद में बैठाकर अश्लील हरकतें करता था। बताया जा रहा है कि घबराई हुई एक छात्रा ने स्कूल की महिला शिक्षिका को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद यह मामला अभिभावकों के सामने आया। जानकारी मिलते ही अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए अभिभावकों और ग्रामीणों ने की शिक्षक की पिटाई
गुस्साए अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वाशिम ग्रामीण पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्कूल पहुंचकर पीड़ित छात्रा समेत कुछ अन्य छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं।
महिला शिक्षिका ने समझाया तो सामने आई शिक्षक की करतूत
छात्राओं ने बताया कि जब वे कक्षा 3 में थीं तभी से शिक्षक बेड टच करता था यानी एक साल से छेड़छाड़ का सिलसिला चल रहा था। तब बच्चियों को इसकी समझ नहीं लेकिन इस साल कक्षा 4 में आने के बाद मैडम ने उन्हें गुड़ टच बैड टच पढ़ाया है तो उन छात्राओं ने उसी महिला शिक्षक को बताया और मामला उजागर हुआ।
पीड़ित बच्ची ने बताया कि यह सिलसिला पिछले कई महीनों से चल रहा था। डर के कारण बच्ची चुप रही, लेकिन कल उसने एक शिक्षिका को अपनी आपबीती बताई। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। फिलहाल पुलिस सभी छात्राओं के बयानों और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी शिक्षक पुलिस हिरासत में है।
घटना के बाद वाशिम तालुका में हड़कंप
शैक्षणिक संस्थान में छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षक पर ही इस तरह के गंभीर आरोप लगने से वाशिम तालुका में हड़कंप मचा हुआ है। अभिभावकों और ग्रामीणों की ओर से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस जांच में इस मामले से जुड़े और कितने तथ्य सामने आते हैं, क्या अन्य छात्राएं भी प्रभावित हुई हैं और आरोपी के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में नवी मुंबई में 3 साल की बच्ची से हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां स्कूल बस में ड्राइवर ने बच्ची से रेप किया। घटना का पता तब चला जब घर पहुंचने के बाद बच्ची ने पेट में दर्द की शिकायत की।
(वाशिम से इमरान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
चूड़ियां पहनाईं और लिपस्टिक लगाई, चलती ट्रेन में छेड़छाड़ करने वाले युवक को सिखाया अनोखा सबक; VIDEO
मुंबई में 22 साल की मॉडल से छेड़छाड़, पुलिस से नहीं मिली मदद तो सोशल मीडिया पर साझा किया दर्द