नई दिल्ली। जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा ने भारतीय बाजार में अपनी नई फेसलिफ्ट अमेज को भारतीय कार बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने अमेज की शुरुआती कीमत 5.59 लाख रुपए रखी है। इसके पेट्रोल इंजन में टॉप मॉडल की कीमत 7.99 लाख रुपए है। वहीं डीजल मॉडल की कीमत 6.69 लाख रुपए से लेकर 8.99 लाख रुपए के बीच है। कॉम्पेक्ट सेडान सेगमेंट में यह कार मारुति डिजायर और हुंडई एक्सेंट की बादशाहत को चुनौती देगी। मारुति डिजायर की कीमत की बात करें तो पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 5.56 से लेकर 8.43 (एक्स शोरूम दिल्ली) तक जाती है। वहीं डीजल वेरिएंट की कीमत 6.56 से लेकर 9.43 लाख (एक्स शोरूम दिल्ली) के बीच है।
होंडा ने घोषणा की है कि अमेज की कीमतें पूरे देश में एक जैसी होगी। कंपनी पहले ही घोषणा कर चुकी है कि कार के पहले 20000 ग्राहकों को यह खास कीमत पर पेश की जाएगी। कार की बुकिंग इस महीने की शुरुआत से शुरू हो चुकी है। होंडा ने इस कार को इस साल फरवरी में हुए ऑटो एक्सपो के दौरान शोकेस किया था। तब से भारतीय बाजार में होंडा की इस दमदार कार का इंतजार हो रहा है। कंपनी ने इस कार के लुक में पहले के मुकाबले कई बड़े बदलाव किए हैं। इस कार में आपको होंडा सिटी की झलक दिखाई देती है। कार मेें एप्पल कार प्ले और एंड्रायड ऑटो दिया गया है। यह इस सेगमेंट की पहली कार है जिसके डीजल वेरिएंट में सीवीटी मॉडल पेश किया गया है। वहीं यह पहली कार है जिसके पेट्रोल वेरिएंट में पैडल शिफ्ट मिलेगा।