1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Bharat Taxi के ड्राइवरों को मिलेगी 5 लाख तक की सोशल सिक्योरिटी; सीएम योगी ने किया ऐलान

Bharat Taxi के ड्राइवरों को मिलेगी 5 लाख तक की सोशल सिक्योरिटी; सीएम योगी ने किया ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यूपी में भारत टैक्सी की शुरुआत करते हुए ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी बड़ी सुविधा का ऐलान किया। इसके तहत भारत टैक्सी से जुड़ने वाले ड्राइवरों को ₹5 लाख तक की सोशल सिक्योरिटी कवरेज मिलेगी।

भारत टैक्सी ड्राइवरों...- India TV Hindi
Image Source : POSTED ON X BY @COOPBHARATTAXI भारत टैक्सी ड्राइवरों को मिलेगी ₹5 लाख तक की सोशल सिक्योरिटी कवरेज

उत्तर प्रदेश में टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के लिए बड़ी पहल शुरू हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश में भारत टैक्सी की शुरुआत की। इसके तहत दोपहिया, टैक्सी और तीन पहिया वाहन चालक रजिस्ट्रेशन कराकर बिना कमीशन इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे। साथ ही उन्हें ₹5 लाख तक की सोशल सिक्योरिटी कवरेज मिलेगी। सरकार का कहना है कि इस पहल से ड्राइवरों को आर्थिक सुरक्षा के साथ काम करने का बेहतर माहौल मिलेगा।

भारत टैक्सी का संचालन फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू हो चुका है। इसके लिए लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत कई संस्थानों के साथ समझौते भी किए गए हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग जगहों तक पहुंचने के लिए परिवहन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रजिस्ट्रेशन पर नहीं देना होगा कमीशन

सीएम योगी ने कहा कि पहले टैक्सी, दोपहिया और तीन पहिया वाहन चालकों के लिए ऐसी व्यवस्था की कल्पना नहीं की गई थी। भारत टैक्सी में रजिस्ट्रेशन के बाद ड्राइवर जीरो कमीशन मॉडल पर काम कर सकेंगे। इसके साथ मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा उन्हें भविष्य को लेकर ज्यादा भरोसा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी ड्राइवर को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलती है, तो उसके मन में सुरक्षा और शांति का भाव आता है। इससे वह अपना काम अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कर सकता है।

महाकुंभ का उदाहरण देकर समझाया फायदा

मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि उस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने बाइक के जरिए श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचाने में मदद की थी। संगम से रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक लोगों को पहुंचाने में भी इन सेवाओं की भूमिका रही। इससे लोगों को सुविधाजनक परिवहन मिला और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी ज्यादा दबाव नहीं पड़ा।

गांवों में भी बढ़ेगी परिवहन सुविधा

सीएम योगी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उनका कहना है कि अगर इस मॉडल को ग्रामीण इलाकों में भी लागू किया जाता है, तो बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। भारत टैक्सी के जरिए सरकार का फोकस एक तरफ ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा देने और दूसरी तरफ शहरों में सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने पर है। आने वाले समय में इस मॉडल का विस्तार दूसरे क्षेत्रों में भी किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- भारत टैक्सी के ड्राइवरों को कम प्रीमियम पर मिलेगा इंश्योरेंस, लोन की भी होगी सुविधा

Latest Business News