भारत में प्रीमियम कार बनाने वाली कंपनी होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि वो अगले महीने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी पेश करेगी। कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी का नाम 'Honda ALPHA' होगा। अल्फा की मैन्यूफैक्चरिंग भारत में ही होगी और भविष्य में इस मॉडल के लिए भारत ही उसका ग्लोबल प्रोडक्शन हब भी होगा। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का ग्लोबल डेब्यू 2 दिसंबर को भारत में किया जाएगा।
भारत में होगी होंडा अल्फा की ग्लोबल मैन्यूफैक्चरिंग
होंडा कार्स इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ तोशियुकी यानागिसावा ने कहा, "भविष्य में भारत इस मॉडल का ग्लोबल प्रोडक्शन हब होगा। ये होंडा की इलेक्ट्रिक जर्नी में एक अहम कदम है और भारतीय बाजार के प्रति हमारी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।" इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को पहली बार 2025 में जापान मॉबिलिटी शो में कॉन्सेप्ट मॉडल के रूप में प्रदर्शित किया गया था।
कंपनी ने हाल ही में लॉन्च की थी प्रीमियम एसयूवी ZRV
बयान के मुताबिक, होंडा अल्फा को शहरी और प्राकृतिक, दोनों तरह के परिवेश के अनुकूल बनाया गया है। इसमें एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, इनोवेटिव और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के साथ-साथ ड्राइविंग का आनंद भी शामिल है। खास बात ये है कि भारत इस एसयूवी को पेश करने वाला पहला बाजार होगा। होंडा भारत में फिलहाल सिटी, अमेज और एलिवेट मॉडल की ही मैन्यूफैक्चरिंग और बिक्री कर रहा है। हाल में इसने अपने प्रीमियम एसयूवी ZRV को भी भारतीय बाजार में पेश किया है।
Image Source : Honda car indiaहोंडा लोगो
नए 'H' मार्क के साथ आने वाली होंडा की पहली कार होगी अल्फा
कंपनी ने बताया कि होंडा कार्स इंडिया के ऑफिशियल कम्युनिकेशन्स में पहली बार उस नए 'H' मार्क का इस्तेमाल किया गया है, जिसे होंडा ने ग्लोबल लेवल पर अपने ऑटोमोबाइल बिजनेस के लिए अपनाया है। बयान के मुताबिक 'होंडा अल्फा' भारत में उसका पहला मॉडल होगा, जिस पर नए 'H' लोगो का इस्तेमाल किया जाएगा। 1963 में होंडा ऑटोमोबाइल के प्रतीक के रूप में पहली बार अपनाए जाने के बाद से 'H' मार्क का इस्तेमाल हमेशा होंडा के ऑटोमोबाइल प्रोडक्ट्स और कमर्शियल गतिविधियों के लिए किया जाता रहा है। हालांकि इन सालों में इसके डिजाइन में कई बदलाव भी आए हैं।
ये भी पढ़ें
टाटा मोटर्स ने इटली की ट्रक कंपनी इवेको में खरीदी 89.42% हिस्सेदारी, बनेगी चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल कंपनी
Latest Business News