1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Hyundai Creta खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए आपकी सैलरी? जान लीजिए डाउन पेमेंट और EMI का पूरा हिसाब-किताब

Hyundai Creta खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए आपकी सैलरी? जान लीजिए डाउन पेमेंट और EMI का पूरा हिसाब-किताब

अगर आप भारत की सबसे लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी हुंडई क्रेटा को अपने घर लाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। क्रेटा सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल बन चुकी है। लेकिन इसे खरीदने के लिए आपकी जेब कितनी भारी होनी चाहिए और हर महीने की ईएमआई EMI का गणित क्या होगा?

हुंडई क्रेट खरीदने के...- India TV Hindi
Image Source : HYUNDAI OFFICIAL WEBSITE हुंडई क्रेट खरीदने के लिए बजट

आज के समय में SUV कारों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है और हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta) इस सेगमेंट की सबसे फेमस कारों में से एक है। स्टाइल, फीचर्स और आराम के कारण यह मिडिल क्लास और अपर मिडिल क्लास की पहली पसंद बन चुकी है। क्रेटा सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल बन चुकी है। लेकिन इसे खरीदने के लिए आपकी जेब कितनी भारी होनी चाहिए और हर महीने की ईएमआई (EMI) का गणित क्या होगा? आइए जानते हैं पूरा हिसाब-किताब।

हुंडई क्रेटा की भारतीय बाजार में एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹10.79 लाख से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए ₹20.20 लाख तक जाती है। अगर हम इसके सबसे ज्यादा बिकने वाले बेस या मिड-वेरिएंट (S या SX) की बात करें, तो ऑन-रोड कीमत (इंश्योरेंस, आरटीओ और अन्य टैक्स मिलाकर) लगभग ₹13.50 लाख से ₹16 लाख के बीच बैठती है।

कितना देना होगा डाउन पेमेंट?

ज्यादातर बैंक कार की ऑन-रोड कीमत का 80% से 90% तक लोन दे देते हैं। अगर आप ₹15 लाख वाली क्रेटा चुनते हैं तो 20% डाउन पेमेंट के हिसाब से करीब 3 लाख रुपये एक साथ जमा करने होंगे। बाकी के ₹12 लाख का आपको बैंक से लोन लेना होगा।

EMI का हिसाब

मान लीजिए कि बैंक आपसे 9% की दर से ब्याज ले रहा है और आपने 4 साल (48 महीने) के लिए लोन लिया है तो आपकी हर महीने की किस्त लगभग 29,862 रुपये आएगी। वहीं, 4 सालों में आपको बैंक को करीब 2.33 लाख रुपये सिर्फ ब्याज के रूप में देने होंगे।

आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए?

फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का 20/4/10 नियम कहता है कि कार की EMI आपकी इन-हैंड मंथली सैलरी के 10% से 15% से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। 30,000 रुपये की मंथली EMI के लिए आपकी इन-हैंड सैलरी कम से कम 2 लाख से ₹2.5 लाख रुपये के बीच में होनी चाहिए। वहीं, अगर आपकी सैलरी ₹1 लाख से ₹1.25 लाख के बीच है, तो आपको डाउन पेमेंट बढ़ाकर 6-7 लाख रुपये करना चाहिए, ताकि EMI का बोझ कम हो सके।

क्रेटा खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

  • EMI के अलावा हर महीने पेट्रोल/डीजल और सर्विसिंग पर 5000-8000 रुपये का एक्स्ट्रा खर्च जोड़कर चलें।
  • हर साल आपको 30-50 हजार रुपये का भारी-भरकम इंश्योरेंस प्रीमियम भी भरना होगा।
  • अगर आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर 750 से ऊपर है, तो आपको कम ब्याज दर पर लोन मिल सकता है, जिससे आपकी EMI कम हो जाएगी।

Latest Business News