देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोग और लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों पर इसका सीधा असर पड़ने वाला है। बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच अब लोग ऐसी तरकीबें तलाश रहे हैं, जिनसे गाड़ी कम पेट्रोल में ज्यादा दूरी तय कर सके। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर आप अपनी कार या बाइक का माइलेज बढ़ा सकते हैं और हर महीने हजारों रुपये की बचत कर सकते हैं।
1. सही स्पीड में चलाएं गाड़ी
एक्सपर्ट्स के मुताबिक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से सबसे ज्यादा ईंधन खर्च होता है। अगर आप लगातार 80-100 kmph की स्पीड पर गाड़ी चलाते हैं, तो इंजन पर ज्यादा दबाव पड़ता है और माइलेज कम हो जाता है। कार को सामान्य और स्थिर स्पीड में चलाने से ईंधन की खपत कम होती है। अचानक ब्रेक लगाने और तेजी से एक्सीलेटर दबाने से भी बचना चाहिए। स्मूथ ड्राइविंग माइलेज बढ़ाने का सबसे आसान तरीका माना जाता है।
2. समय-समय पर सर्विस कराएं
गाड़ी की नियमित सर्विसिंग माइलेज बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। अगर इंजन ऑयल पुराना हो, एयर फिल्टर गंदा हो या स्पार्क प्लग खराब हो, तो गाड़ी ज्यादा ईंधन खपत करने लगती है। ऑटो एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि कार का इंजन ऑयल हर 6000 किमी पर बदलवाएं और सर्विस शेड्यूल को नजरअंदाज न करें। सही मेंटेनेंस से इंजन बेहतर काम करता है और माइलेज बढ़ता है।
3. टायर में सही एयर प्रेशर रखें
बहुत कम लोग जानते हैं कि टायर में हवा कम होने से भी माइलेज पर असर पड़ता है। कम एयर प्रेशर होने पर इंजन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे ईंधन ज्यादा खर्च होता है। हर 10-15 दिन में टायर प्रेशर जरूर चेक कराना चाहिए। कंपनी द्वारा बताए गए सही एयर प्रेशर पर गाड़ी चलाने से माइलेज बेहतर मिलता है और टायर की लाइफ भी बढ़ती है।
इन छोटी आदतों से होगी बड़ी बचत
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर लोग ड्राइविंग से जुड़ी इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो 10 से 20 प्रतिशत तक ईंधन बचाया जा सकता है। बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों के दौर में यह बचत हर महीने आपके बजट को काफी राहत दे सकती है।
Latest Business News