नवरात्रि की मजबूत बिक्री के बाद धनतेरस पर भी ऑटो कंपनियों और डीलरों ने ग्राहकों को बड़ी संख्या में गाड़ियों की डिलीवरी की। गाड़ी खरीदने के लिए पवित्र माने जाने वाले धनतेरस पर टू-व्हीलर और कार समेत सभी ऑटो सेगमेंट में मांग मजबूत बनी रही। पिछले साल जीएसटी रेट में कटौती के बाद लंबित मांग आने से धनतेरस पर बिक्री काफी तेज रही थी। इस ऊंचे आधार के बावजूद इस बार भी त्योहारी खरीदारी का रुझान सकारात्मक रहा।
मारुति सुजुकी ने डिलीवर की 30,000 से ज्यादा गाड़ियां
मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को धनतेरस पर 30,000 से ज्यादा गाड़ियों की डिलिवरी की उम्मीद जताई। कंपनी ने पिछले साल 2 दिन तक मनाए गए धनतेरस के दौरान करीब 50,000 गाड़ियों की डिलीवरी की थी। गणेश चतुर्थी यानी 14 सितंबर से लेकर धनतेरस तक कंपनी की खुदरा बिक्री 4 लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में ये 3.46 लाख थी।
टाटा मोटर्स ने धनतेरस पर की 12,000 गाड़ियों की डिलीवरी
टाटा मोटर्स को धनतेरस पर 12,000 गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद है। कंपनी के पैसेंजर कार बिजनेस के चीफ कमर्शियल ऑफिसर अमित कामत ने कहा कि धनतेरस पर ग्राहकों की प्रतिक्रिया शानदार रही है। दिवाली के शुभ मुहूर्त में गाड़ियों की डिलिवरी बुधवार तक जारी रहेगी और कंपनी को उम्मीद है कि खरीदारी का ये रुझान आगे भी बना रहेगा।
हुंडई को धनतेरस और दीपावली पर 16,000 गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद
हुंडई मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी को धनतेरस और दिवाली के दौरान गाड़ियों की डिलिवरी में करीब 14 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ ये आंकड़ा 16,000 रहने की उम्मीद है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के पूर्व अध्यक्ष विनकेश गुलाटी ने कहा कि धनतेरस पर आम दिनों के मुकाबले करीब 5 गुना बिक्री होती है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीईओ राजेश जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी के ज्यादातर मॉडलों का डीलरशिप पर उपलब्ध स्टॉक लगभग खत्म हो गया है। अभी ट्रांसपोर्ट की जा रही गाड़ियों को छोड़ दें तो डीलरों के पास 8-9 दिन से भी कम का स्टॉक बचा है।
FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि टू-व्हीलर, कार और कमर्शियल गाड़ियों समेत सभी सेगमेंट में मांग मजबूत है। हालांकि, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और कार में डिलीवरी की कुछ बाधाएं देखने को मिल रही हैं।
ये भी पढ़ें
NHAI ने तय किए MLFF टोल कलेक्शन सिस्टम के डिजाइन और बुनियादी ढांचे के मानक, टोल प्लाजा पर गाड़ियों को रुकने की जरूरत नहीं
Latest Business News