स्पोर्ट्स बाइक पसंद करने वालों के लिए यामाहा ने बड़ा धमाका किया है। कंपनी ने भारत में अपनी नई YZF-R2 सुपरस्पोर्ट बाइक लॉन्च कर दी है। खास बात यह है कि यह यामाहा की इस सेगमेंट में पहली मोटरसाइकिल है। बाइक को 204cc के नए इंजन, स्पोर्टी डिजाइन और कई प्रीमियम फीचर्स के साथ पेश किया गया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹2.30 लाख रखी गई है।
तीन वेरिएंट में हुई लॉन्च
नई यामाहा YZF-R2 को कंपनी ने तीन वेरिएंट में उतारा है। इसके बेस वेरिएंट की कीमत ₹2.30 लाख है, जबकि YZF-R2 क्विक शिफ्टर की कीमत ₹2.39 लाख और टॉप मॉडल YZF-R2 M की कीमत ₹2.53 लाख (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। बाइक कुल पांच कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगी। कंपनी के मुताबिक, इसकी डिलीवरी सितंबर 2026 के मध्य से शुरू होगी।
204cc इंजन और 6-स्पीड गियरबॉक्स
YZF-R2 में नया 204cc, लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर, 4-वाल्व DOHC पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 26.5 PS की पावर और 19.1 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है और इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी मिलता है। मिड और टॉप वेरिएंट में तीसरी पीढ़ी का बाय-डायरेक्शनल क्विक शिफ्टर भी दिया गया है, जिससे गियर बदलना ज्यादा तेज और आसान हो सकता है।
स्पोर्टी डिजाइन और मजबूत चेसिस
बाइक का डिजाइन यामाहा की R-सीरीज से प्रेरित है। इसमें R9 और R1 जैसी स्टाइलिंग देखने को मिलती है। आगे बाय-फंक्शनल LED हेडलैंप और LED पोजिशन लाइट्स दी गई हैं। पीछे ब्लॉक-स्टाइल LED टेल लैंप मिलता है। बाइक का वजन 149 किलोग्राम है। इसमें 37mm USD फ्रंट फोर्क और रियर मोनोशॉक दिया गया है। 17-इंच के अलॉय व्हील इसके स्पोर्टी लुक को और बेहतर बनाते हैं।
सुरक्षा में भी कई फीचर्स
यामाहा ने सभी वेरिएंट में डुअल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम और यामाहा राइड कंट्रोल को स्टैंडर्ड रखा है। इसमें स्ट्रीट, स्पोर्ट और रेन जैसे तीन राइडिंग मोड मिलते हैं।
5-इंच TFT डिस्प्ले
बाइक में 5-इंच फुल-कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है, जिस पर राइडिंग और नेविगेशन से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। टॉप YZF-R2 M में स्मार्ट की, एडजस्टेबल फ्रंट फोर्क, रियर शॉक एब्जॉर्बर, क्लच और ब्रेक लीवर जैसे एक्स्ट्रा फीचर्स मिलते हैं।
यह भी पढ़ें- Tata Sierra.ev होगी और भी हाईटेक! कार के अंदर मिलेगा इन-बिल्ट 5G कनेक्टिविटी का सपोर्ट, कंपनी ने किया बड़ा ऐलान
Latest Business News