1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 4 माह के निचले स्‍तर पर पहुंची बुनियादी क्षेत्र की वृद्धि दर, सितंबर में रही 4.3 प्रतिशत

4 माह के निचले स्‍तर पर पहुंची बुनियादी क्षेत्र की वृद्धि दर, सितंबर में रही 4.3 प्रतिशत

बुनियादी क्षेत्र के आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर सितंबर में गिरकर 4.3 प्रतिशत रही।

core sector growth- India TV Hindi
Image Source : CORE SECTOR GROWTH core sector growth

नई दिल्‍ली। बुनियादी क्षेत्र के आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर सितंबर में गिरकर 4.3 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी महीने में यह आंकड़ा 4.7 प्रतिशत था। कच्‍चे तेल और प्राकृतिक गैस के उत्‍पादन में कमी आने से सितंबर में वृद्धि दर का यह आंकड़ा पिछले चार माह में न्‍यूनतम है। इससे पहले मई 2018 में 4.1 प्रतिशत वृद्धि दर दर्ज की गई थी।

आठ बुनियादी क्षेत्रों में कोयला, कच्‍चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्‍पाद, उर्वरक, इस्‍पात, सीमेंट और बिजली आते हैं। सितंबर 2017 में बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 4.7 प्रतिशत थी।

बुधवार को वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन माह में कच्‍चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्‍पादन क्रमश: 4.2 प्रतिशत और 1.8 प्रतिशत घटा है।

उर्वरक, सीमेंट और बिजली उत्‍पादन इस दौरान क्रमश: 2.5 प्रतिशत, 11.8 प्रतिशत और 8.2 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, कोयला, रिफाइनरी उत्‍पाद और इस्‍पात सेक्‍टर की वृद्धि दर सितंबर माह में क्रमश: 6.4 प्रतिशत, 2.5 प्रतिशत और 3.2 प्रतिशत घटी है।  

अप्रैल-सितंबर 2018 के दौरान बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 5.5 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 3.2 प्रतिशत थी। औद्योगिक उत्‍पादन सूचकांक (आईआईपी) में इन 8 क्षेत्रों का भारांक 40.27 प्रतिशत है।

Latest Business News