A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डीजल के दाम में फिर एक बार हुई वृद्धि, पेट्रोल में स्थिरता जारी

डीजल के दाम में फिर एक बार हुई वृद्धि, पेट्रोल में स्थिरता जारी

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में डीजल पेट्रोल के मुकाबले 75 पैसे लीटर महंगा हो गया है।

diesel price increse today- India TV Hindi
Image Source : GOOGLE diesel price increse today

नई दिल्ली। डीजल के दाम में एक दिन के विराम के बाद बुधवार को फिर वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पेट्रोल का भाव लगातार 16वें दिन स्थिर रहा। तेल विपणन कंपनियों ने डीजल की कीमत दिल्ली में फिर 13 पैसे, कोलकाता में 16 पैसे, मुंबई में 13 पैसे, जबकि चेन्नई में 11 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दी है। उधर, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही।

बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का भाव 43 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चल रहा है, जबकि अमेरिकी क्रूड डब्ल्यूटीआई का भाव 40 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने पर आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की महंगाई से राहत मिलना मुश्किल होगा।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल की कीमत बढ़कर क्रमश: 81.13 रुपए, 76.33 रुपए, 79.40 रुपए और 78.22 रुपए प्रति लीटर हो गई है। जबकि पेट्रोल का भाव भी चारों महानगरों में बिना किसी बदलाव के क्रमश: 80.43 रुपए, 82.10 रुपए, 87.19 रुपए और 83.63 रुपए प्रति लीटर बना हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में डीजल पेट्रोल के मुकाबले 75 पैसे लीटर महंगा हो गया है।

अंतरराष्‍ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के सितंबर वायदा अनुबंध में बुधवार को पिछले सत्र से 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 43.17 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। वहीं, न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज ( नायमैक्स) पर अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट ( डब्ल्यूटीआई) के अगस्त वायदा अनुबंध में पिछले सत्र से 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 40.55 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।

Latest Business News