1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने में 120 रुपये और चांदी में 858 रुपये की तेजी, विदेशी संकेतों का असर

सोने में 120 रुपये और चांदी में 858 रुपये की तेजी, विदेशी संकेतों का असर

कोरोना को लेकर अनिश्चितता की वजह से सोने में तेजी का दौर जारी

<p>Gold and silver price today</p>- India TV Hindi
Image Source : FILE Gold and silver price today

नई दिल्ली। बहुमूल्य धातुओं की वैश्विक कीमतों में मजबूती आने के बाद दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना सोमवार 120 रुपये की तेजी के साथ 49,960 रूपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पहले के कारोबारी सत्र में सोना 49,840 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 858 रुपये की तेजी के साथ 53,320 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई जो कीमत शुक्रवार को 52,462 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ दर्शाता 1,805 डॉलर प्रति औंस और चांदी 19.03 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।

एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘ दुनिया भर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण सोमवार को सोने की कीमतों में हाल की तेजी का दौर जारी रहा।’’ फिलहाल कोरोना के मरीजों की संख्या में तेजी लगातार जारी है। आज दुनिया भर में नए मरीजों का संख्या ने नया रिकॉर्ड स्तर बनाया। सबसे ज्यादा बढ़त वाले देशों में अमेरिका, ब्राजील, भारत और दक्षिण अफ्रीका हैं।

इस साल अब तक घरेलू बाजारों में सोने की कीमत 25 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं। 2020 की शुरुआत में सोना 40 हजार से नीचे के स्तर पर था, फिलहाल कीमत 50 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के करीब हैं। जानकारों का अनुमान है कि कोरोना संकट को लेकर अनिश्चितता बनी रहने से सोने में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है और सोना दीवाली तक 52 हजार रुपये का स्तर पार कर सकता है। विदेशी बाजार में सोने के 2000 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंचने का अनुमान है।

Latest Business News