A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने यस बैंक के खातों में लेनदेन रोका, RBI के कदम के बाद फैसला

पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने यस बैंक के खातों में लेनदेन रोका, RBI के कदम के बाद फैसला

कंपनी के मुताबिक ये प्रतिबंध अस्थाई हैं

<p>Paytm payment bank</p>- India TV Hindi
Paytm payment bank

नई दिल्ली। पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार को नकदी संकट से जूझ रहे यस बैंक के खातों से लेनदेन को रोक दिया। इसमें यूपीआई प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए जाने वाले लेनदेन भी शामिल हैं। पीपीबीएल ने यस बैंक को लेकर रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद यह फैसला किया। एक दिन पहले रिजर्व बैंक ने यस बैंक पर तमाम अंकुश लगाते हुए बैंक के जमाकर्ताओं के लिए तीन अप्रैल तक निकासी की सीमा 50,000 रुपये तय की थी। साथ ही रिजर्व बैंक ने बैंक के निदेशक मंडल को भी भंग कर दिया। इसके साथ ही एसबीआई के पूर्व उप प्रबंध निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी प्रशांत कुमार को बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है। 

पीपीबीएल ने एक बयान में कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार से अपने उपयोगकर्ताओं के धन की सुरक्षा के लिए यूपीआई सहित, यस बैंक के खातों से लेनदेन को प्रतिबंधित कर रहा है। बयान में कहा गया क्योंकि यस बैंक पर आधारित तीसरे पक्ष के ऐप भी प्रभावित हुए हैं, इसलिए यूपीआई सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ग्राहक यूपीआई पर लेनदेन के लिए अन्य यूपीआई ऐप का उपयोग करना जारी रख सकते हैं। पेटीएम के ग्राहक पहले की तरह बिना किसी रुकावट के पेटीएम यूपीआई और वॉलेट सेवा का उपयोग कर सकेंगे।

पीपीबीएल के प्रबंधन निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश गुप्ता ने कहा कि उनके लिए उपयोगकर्ताओं के धन की सुरक्षा सबसे जरूरी है। कंपनी ने यस बैंक के खातों से सभी तरह के लेनदेन को रोक दिया है, ताकि धन फंसे नहीं। कंपनी उपयोगकर्ताओं से यह अनुरोध भी कर रहे हैं कि वे अपने मुख्य बैंक खाते को किसी अन्य बैंक में बदल लें। हालांकि, ये प्रतिबंध अस्थायी हैं। 

Latest Business News