केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में NH-31 और NH-231 पर खगड़िया-पूर्णिया सेक्शन को 4-लेन हाईवे में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी। ये प्रोजेक्ट बीओटी (टोल) मॉडल पर 3936.05 करोड़ रुपये की लागत से डेवलप किया जाएगा। आर्थिक मामलों की मंत्रिमण्डलीय समिति द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस अपग्रेड से बिहार के खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों में सड़कों की समस्याओं, तीव्र मोड़ों और शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ आदि का समाधान होगा। प्रोजेक्ट के तहत पूर्णिया शहर के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी बनाया जाएगा।
सिर्फ दो घंटे में पूरा होगा खगड़िया-पूर्णिया का सफर
बयान में कहा गया है कि इस प्रोजेक्ट से यात्रा की औसत गति में बढ़ोतरी होगी, यात्रा का समय घटकर लगभग दो घंटे रह जाएगा और सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता और वाहन परिचालन लागत में भी सुधार होगा। इस प्रोजेक्ट से क्षेत्रीय संपर्क और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा। ये प्रोजेक्ट बिहार के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक केंद्रों के साथ निर्बाध संपर्क प्रदान करेगा। इसके साथ ही, ये एडवांस्ड कॉरिडोर-5 पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्रों और 11 लॉजिस्टिक केंद्रों से जुड़कर बहु-मोडल एकीकरण को बढ़ावा देगा जिससे पूरे क्षेत्र में माल तथा यात्री आवागमन तेज होगा।
कई रेलवे स्टेशनों के साथ एयरपोर्ट से भी जुड़ेगा हाईवे
ये प्रोजेक्ट बिहार में पटना-पूर्णिया कॉरिडोर का ही एक हिस्सा होगा। इस प्रोजेक्ट की लंबाई 143.529 किमी होगी, जो NH-27, NH-13, NH-131A और NH-231 के साथ ही SH-95 और SH-77 से जुड़ेगा। ये हाईवे बिहार में पूर्णिया एयरपोर्ट के अलावा, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया रेलवे स्टेशनों के साथ भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इतना ही नहीं, इस हाईवे के माध्यम से 1 टेक्सटाइल क्लस्टर, 2 मेगा फूड पार्क, 2 फिशिंग सीफूड पार्क भी जुड़ेंगे।
कैबिनेट ने और भी कई प्रोजेक्ट को दी मंजूरी
इसके अलावा, आज कैबिनेट ने NH-347B के हिवरखेड़ी-रोशनी सेक्शन और आशापुर-रूढ़ी सेक्शन को 1791 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड करने की मंजूरी दी। इन दोनों सेक्शन की कुल लंबाई 125 किमी है। इसके अलावा, 109 किमी लंबे देशगांव-जुलवानिया सेक्शन को भी 2624 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही, कैबिनेट ने तेलंगाना में NH-63 के आर्मूर-जगतियाल-मंचेरियल सेक्शन और NH-563 के जगतियाल-करीमनगर सेक्शन को 4-लेन के मानक तक चौड़ा करने को भी मंजूरी दी है।
Latest Business News