5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी के बाद हर किसी की निगाहें अब 5G सेवाओं की लॉन्चिंग पर हैं। Jio और Airtel अक्टूबर तक इन सेवाओं की लॉन्चिंग के संकेत दे चुके हैं। लेकिन शुरूआत में ये सेवाएं सिर्फ एक दर्जन शहरों में ही मिलेंगी। लेकिन देश के दूर दराज के क्षेत्रों में 5G सेवाएं कब उपलब्ध होंगी। इसे लेकर आज सरकार ने स्थिति साफ कर दी है।
Image Source : file5G Services
दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो-तीन साल में द्रुत गति वाली 5G सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 5G सेवा किफायती रहेगी। वैष्णव ने दूरसंचार बुनियादी ढांचे को तेजी से फैलाने की सुविधा के लिए 5G ‘राइट ऑफ वे एप्लिकेशन पोर्टल’ पेश करते हुए यह बात कही।
Image Source : indiatv5G Services
भारत में सबसे सस्ती सेवाएं
भारत सबसे सस्ती मोबाइल सेवाएं उपलब्ध कराने वाले देशों में से एक हैं और उम्मीद है कि यह प्रवृत्ति 5जी सेवाओं के लिए भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उद्योग में करीब 2.5 से तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है। तीन लाख करोड़ रुपये एक बड़ा निवेश है। इससे रोजगार के अच्छे अवसर भी पैदा हो रहे हैं। हमारा अनुमान है कि अगले दो से तीन वर्षों में 5G सेवाएं देश के लगभग सभी हिस्सों में पहुंच जाएंगी।’’
Image Source : file5G Services
अक्टूबर से 5G सेवाएं शुरू होने की उम्मीद
उन्होंने कहा कि दूरसंचार कंपनियां बुनियादी ढांचा तैयार करने में व्यस्त हैं तथा अक्टूबर तक 5G सेवाएं शुरू कर दी जानी चाहिए और फिर इसे बहुत तेज गति से बढ़ाया जाना चाहिए। इस बीच, सरकार ने छोटे मोबाइल रेडियो एंटीना लगाने या ऊपर से दूरसंचार तार ले जाने को लेकर बिजली के खंभे, फुट ओवरब्रिज आदि का उपयोग करने के लिये शुल्क के साथ नियमों को भी अधिसूचित किया है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से 5जी सेवाओं के क्रियान्वयन को आसान बनाना है।
Latest Business News