फिल्म अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने मुंबई के प्रतिष्ठित महालक्ष्मी इलाके में स्थित अपना एक लग्ज़री अपार्टमेंट ₹8.10 करोड़ में बेच दिया है। यह लेन-देन अगस्त 2025 में रजिस्टर हुआ, जिसकी जानकारी रियल एस्टेट पोर्टल SquareYards.com ने महाराष्ट्र इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन (IGR) की वेबसाइट पर दर्ज दस्तावेजों के आधार पर दी है। यह फ्लैट लोकहंडवाला मिनर्वा परियोजना में स्थित है, जो महालक्ष्मी के सबसे ऊंचे और लग्जरी रेजिडेंशियल टावरों में से एक है।
फ्लैट का आकार
खबर के मुताबिक, इस फ्लैट का कार्पेट एरिया 1,247 वर्ग फुट (लगभग 116 वर्ग मीटर) है, जबकि बिल्ट-अप एरिया 1,497 वर्ग फुट (लगभग 139.07 वर्ग मीटर) है। इस फ्लैट के लिए दो कारों के लिए पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस डील पर सोनू सूद ने ₹48.60 लाख स्टांप ड्यूटी और ₹30,000 रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया।
कितने में खरीदा था?
IGR दस्तावेजों के मुताबिक, सोनू सूद ने यह फ्लैट 2012 में ₹5.16 करोड़ में खरीदा था। यानी करीब 13 वर्षों में उन्होंने लगभग ₹2.94 करोड़ का लाभ कमाया। महालक्ष्मी, दक्षिण मुंबई का एक प्रमुख इलाका है जो लोअर परेल, वर्ली और नरीमन पॉइंट जैसे प्रमुख बिजनेस हब से जुड़ा हुआ है। यह इलाका शानदार सी व्यू, रेसकोर्स, और लक्ज़री हाई-राइज़ इमारतों के लिए जाना जाता है, जिससे यह बिजनेस प्रोफेशनल्स और हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स के बीच बेहद लोकप्रिय है।
अभिनेता से जनसेवक तक की भूमिका में हैं सोनू सूद
सोनू सूद ने अपने करियर की शुरुआत 1999 में तमिल फिल्मों 'कल्लाझगर' और 'नेनजिनिले' से की थी। हिंदी फिल्मों में उनकी शुरुआत 2002 की ‘शहीद-ए-आजम’ से हुई, जिसमें उन्होंने भगत सिंह की भूमिका निभाई। बाद में उन्होंने ‘दबंग’ (2010) और ‘सिंबा’ (2018) जैसी सुपरहिट फिल्मों में अभिनय कर बड़ी पहचान बनाई। COVID-19 महामारी के दौरान उनकी जनसेवा और प्रवासी मजदूरों की मदद ने उन्हें एक रियल-लाइफ हीरो बना दिया।
Latest Business News