1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अडाणी एनर्जी खरीदेगी स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी, जानें कितने रुपये में होगी डील

अडाणी एनर्जी खरीदेगी स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी, जानें कितने रुपये में होगी डील

अडाणी एनर्जी ने मंगलवार को बयान में कहा कि कंपनी ने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक पक्का समझौता किया है।

Adani Energy, adani group, smart meter, IntelliSmart Infrastructure, EESL- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY अडाणी एनर्जी खरीदने जा रही है स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी

अडाणी ग्रुप की पावर ट्रांसमिशन कंपनी अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, स्मार्ट मीटर बनाने वाली कंपनी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को खरीदने जा रही है। अडाणी एनर्जी ने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए शेयर खरीद समझौता किया है। ये डील 3050 करोड़ रुपये में होगी। स्मार्ट मीटर सेक्टर की प्रमुख कंपनी इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (NIIF) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) की एक जॉइंट वेंचर है।

 देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटर कंपनी बन जाएगी अडाणी एनर्जी

अडाणी एनर्जी ने मंगलवार को बयान में कहा कि कंपनी ने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक पक्का समझौता किया है। इस प्रस्तावित अधिग्रहण से अडाणी एनर्जी सोल्यूशंस की स्थिति और मजबूत होगी और ये 4.7 करोड़ से ज्यादा स्मार्ट मीटर के साथ देश की सबसे बड़ी स्मार्ट मीटर कंपनी बन जाएगी। बयान के अनुसार 3050 करोड़ रुपये की इस प्रस्तावित डील में इंटेलिस्मार्ट की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण और NIIF के पास मौजूद इंटेलिस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर का भुगतान शामिल है। 

रेगुलेटरी और अन्य जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही पूरी होगी डील

ये डील रेगुलेटरी और अन्य जरूरी मंजूरियों पर निर्भर है। इंटेलिस्मार्ट ने उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और असम में कुल 2.2 करोड़ से ज्यादा स्मार्ट मीटर लगाए हैं। तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजार में इंटेलिस्मार्ट की मौजूदगी भविष्य में विस्तार के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है। अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के सीईओ कंदर्प पटेल ने बयान में कहा, ''इंटेलिस्मार्ट के अधिग्रहण से हमारा दायरा और काम करने की क्षमता बढ़ जाएगी। इससे हम टेक्नोलॉजी-बेस्ड सॉल्यूशन्स के जरिए भारत के पावर डिस्ट्रिब्यूशन के आधुनिकीकरण में मदद कर सकते हैं।'' 

इंटेलिस्मार्ट को इस अहम डील का हिस्सा बनने पर गर्व

अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के अनुसार, इस अधिग्रहण से बड़े पैमाने पर काम करने का प्रॉफिट, ऑपरेशन और मेनटेनेंस की लागत को बेहतर बनाने और कंपनी के व्यापक ऊर्जा और बुनियादी ढांचा मंच के साथ एकीकरण से फायदे मिलेंगे। इंटेलिस्मार्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अनिल रावल ने इस डील पर कहा, ''कंपनी को इस अहम डील का हिस्सा बनने पर गर्व है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजित किया है।'' 

Latest Business News