1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. AIR INDIA 12 जून की दुर्घटना के बाद रुकी गोवा-गैटविक फ्लाइट फिर शुरू करेगा, जानें कब से भर सकेंगे उड़ान

AIR INDIA 12 जून की दुर्घटना के बाद रुकी गोवा-गैटविक फ्लाइट फिर शुरू करेगा, जानें कब से भर सकेंगे उड़ान

एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इस रूट की गोवा-गैटविक सेवा सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी।

यह एकमात्र सीधी फ्लाइट है जो लंदन से गोवा आने वाले यात्रियों के लिए सुविधा देती है।- India TV Hindi
Image Source : IMAGE POSTED ON X BY @AIRINDIA यह एकमात्र सीधी फ्लाइट है जो लंदन से गोवा आने वाले यात्रियों के लिए सुविधा देती है।

12 जून को अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद गोवा और लंदन (गैटविक) के बीच एयर इंडिया की सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू होने जा रही है। यह घोषणा गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने मंगलवार को विधानसभा में की। पीटीआई की खबर के मुताबिक, मंत्री ने बताया कि सितंबर 2025 के आखिर तक एयर इंडिया इस रूट पर फिर से उड़ान भरेगी। उन्होंने कहा कि राज्य को देश-विदेश से बेहतर हवाई संपर्क मिलना गोवा के पर्यटन क्षेत्र के लिए 'गेम चेंजर' साबित हो रहा है।

12 जून की दुर्घटना के बाद बंद थी सेवा

एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इस रूट की गोवा-गैटविक सेवा सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। हादसे में 241 यात्रियों सहित 260 लोगों की मृत्यु हो गई थी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी हाल में विधानसभा में आश्वासन दिया कि वे फ्लाइट सर्विस की बहाली को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय से चर्चा करेंगे। वहीं, भाजपा विधायक माइकल लोबो ने कहा कि यह एकमात्र सीधी फ्लाइट है जो लंदन से गोवा आने वाले यात्रियों के लिए सुविधा देती है।

रूस से भी सीधी फ्लाइट्स अक्टूबर से शुरू

पर्यटन मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 5 अक्टूबर 2025 से रूस की एअरोफ़्लोत एयरलाइंस येकातेरिनबर्ग और गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें शुरू करेगी। प्रत्येक फ्लाइट में 210 यात्री यात्रा कर सकेंगे। इससे आगामी पर्यटन सत्र में 13,000 से अधिक रूसी पर्यटकों के गोवा आने की संभावना है। गोवा सरकार ने हाल ही में पोलैंड, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान जैसे देशों के साथ भी नए अंतरराष्ट्रीय हवाई गलियारों की शुरुआत की है, जिससे राज्य में विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ रही है।

कोविड-पूर्व से भी आगे निकला गोवा पर्यटन

जनवरी से जून 2025 के बीच गोवा ने 54.5 लाख पर्यटकों का स्वागत किया, जिसमें 51.8 लाख घरेलू और 2.7 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 8.4% अधिक है। सिर्फ जून महीने में ही 8.34 लाख पर्यटक गोवा पहुंचे, जिसमें साओ जोआओ उत्सव, जंगल स्टे और क्रीक टूर जैसे सांस्कृतिक अनुभवों का योगदान रहा। इस दौरान होटल ऑक्युपेंसी 70% से 100% के बीच रही। 2019 में गोवा में 80.6 लाख पर्यटक आए थे। वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 1.04 करोड़ हो गई, जिसमें लगभग 99.4 लाख घरेलू और 4.67 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल हैं।

Latest Business News