1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. AIR INDIA की दिल्ली-वॉशिंगटन फ्लाइट हो गई कैंसिल, इस वजह से एयरलाइन को लेना पड़ा फैसला

AIR INDIA की दिल्ली-वॉशिंगटन फ्लाइट हो गई कैंसिल, इस वजह से एयरलाइन को लेना पड़ा फैसला

एयरलाइंस का कहना है कि वियना में फ्लाइट के रुकने की प्लानिंग थी, लेकिन नियमित जांच के दौरान एक विस्तारित रखरखाव कार्य के चलते यह वियना में अधिक समय तक रुकी रही।

रनवे पर खड़ा एयर इंडिया का एक विमान। (फाइल)- India TV Hindi
Image Source : FILE रनवे पर खड़ा एयर इंडिया का एक विमान। (फाइल)

टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयरलाइंस एयर इंडिया ने दिल्ली से वाशिंगटन जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल कर दिया है। दरअसल, नई दिल्ली से वाशिंगटन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट ऑस्ट्रिया के वियना में ईंधन भरने के लिए रुकी, लेकिन वहां से उड़ान नहीं भरी। हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, फ्लाइट नंबर AI103 के Flightradar24 डेटा से यह सामने आया कि इस फ्लाइट ने 2 जुलाई को दिल्ली से उड़ान भरी और वियना में उतरी। जबकि उसी दिन वाशिंगटन के लिए प्रस्थान करना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

एयरलाइंस का क्या कहना है 

खबर के मुताबिक, एयरलाइंस का कहना है कि वियना में फ्लाइट के रुकने की प्लानिंग थी, लेकिन नियमित जांच के दौरान एक विस्तारित रखरखाव कार्य के चलते यह वियना में अधिक समय तक रुकी रही। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यही वजह है कि वियना से वाशिंगटन डीसी की फ्लाइट कैंसिल कर दी गई और यात्रियों को उतार दिया गया। प्रवक्ता ने साथ ही यह भी कहा कि  वाशिंगटन डीसी से वियना होते हुए दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI104 को भी कैंसिल कर दिया गया। इस फ्लाइट से सफर करने वाले पैसेंजर्स को या तो ऑप्शनल फ्लाइट उपलब्ध कराई गईं या उनकी पसंद के मुताबिक उन्हें पूरा रिफंड दिया गया।

पैसेंजर्स को ऑप्शनल फ्लाइट में भेजा गया वापस

फ्लाइट नंबर AI103, बुधवार को 12.45 बजे रवाना हुई थी और उसे गुरुवार को रात 8.45 बजे वाशिंगटन पहुंचना था, को वियना में रद्द कर दिया गया और सभी यात्रियों को दिल्ली के लिए ऑप्शनल फ्लाइट में भेज दिया गया। एयरलाइन प्रवक्ता ने बताया कि वैकल्पिक रूप से यात्रियों को उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर फुल रिफंड की पेशकश की गई। एयर इंडिया के अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे के बाद से एयर इंडिया लगातार खबरों में बनी हुई है। 

पीटीआई के मुताबिक, टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को केबिन में लगातार गर्म तापमान के कारण बीते रविवार को कोलकाता की ओर मोड़ दिया गया। हालांकि, एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया। इससे पहले चेन्नई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को केबिन में जलने की गंध के कारण शनिवार को मुंबई वापस लौटना पड़ा।

Latest Business News