A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Air India की सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स इस तारीख से फिर शुरू होंगी, हादसे के बाद हुई समीक्षा के बाद फैसला

Air India की सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स इस तारीख से फिर शुरू होंगी, हादसे के बाद हुई समीक्षा के बाद फैसला

एयरलाइंस ने अहमदाबाद में विमान क्रैश की घटना के बाद अस्थायी तौर पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स का ऑपरेशन सस्पेंड कर दिया था। एयर इंडिया सीईओ ने कहा कि हम प्रत्येक प्रक्रिया की सावधानीपूर्वक जांच के बाद फ्लाइट्स को फिर से शुरू कर रहे हैं।

डीजीसीए द्वारा जुलाई 2025 में कराए गए ऑडिट में एयर इंडिया के ऑपरेशन में 51 सुरक्षा से संबंधित खामिया- India TV Hindi
Image Source : IMAGE POSTED ON X BY @AIRINDIA डीजीसीए द्वारा जुलाई 2025 में कराए गए ऑडिट में एयर इंडिया के ऑपरेशन में 51 सुरक्षा से संबंधित खामियां पाई गईं।

टाटा ग्रुप की अगुवाई वाली एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया ने कहा है कि वह इस साल 1 अक्टूबर से अपनी सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स की सेवाएं शुरू कर देगी। यह कदम 12 जून को अहमदाबाद में हुए बड़े विमान हादसे के बाद उठाया गया है, जिसमें टेकऑफ के तुरंत बाद AI171 फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। ANI की खबर के मुताबिक, एयर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने बताया कि 1 अगस्त से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की आंशिक बहाली शुरू की जा चुकी है, और 1 अक्टूबर तक पूर्ण संचालन का लक्ष्य है। एयर इंडिया सीईओ ने कहा कि हम प्रत्येक प्रक्रिया की सावधानीपूर्वक जांच के बाद उड़ानों को पुनः शुरू कर रहे हैं। हालिया परिचालन चुनौतियों को गंभीरता से लिया गया है, और हम अपने आंतरिक सिस्टम को और बेहतर बना रहे हैं।

तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली-मिलान फ्लाइट कैंसिल

5 अगस्त को दिल्ली से मिलान जाने वाली फ्लाइट AI137 को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी समस्या के चलते कैंसिल करना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 787 ड्रीमलाइनर द्वारा संचालित की जानी थी, जिसमें एक आवश्यक मेंटेनेंस कार्य निर्धारित समय से अधिक समय ले रहा था। एयर इंडिया के मुताबिक, हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

DGCA की जांच में सामने आईं 51 सुरक्षा खामियां

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा जुलाई 2025 में कराए गए ऑडिट में एयर इंडिया के ऑपरेशन में 51 सुरक्षा से संबंधित खामियां पाई गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पायलटों को अपर्याप्त प्रशिक्षण मिला। अनअप्रूव्ड सिम्युलेटर का उपयोग किया गया और क्रू रोस्टरिंग प्रणाली में प्रक्रियागत खामियां थीं। यह रिपोर्ट एयर इंडिया की सेफ्टी पॉलिसी और प्रशिक्षण ढांचे पर गहन मंथन की आवश्यकता दर्शाती है।

12 जून का हादसा

अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI171, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यह हादसा भारत के विमानन इतिहास की सबसे घातक घटनाओं में से एक माना जा रहा है। विमान में कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर कॉकपिट में तैनात थे। इस हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 229 यात्री, 12 चालक दल के सदस्य और 19 लोग जमीन पर थे।

Latest Business News