1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में भारी बारिश से एयर ट्रैफिक प्रभावित, इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

दिल्ली में भारी बारिश से एयर ट्रैफिक प्रभावित, इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

राजधानी दिल्ली में लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

delhi, delhi rain, delhi weather, indigo, delhi airport- India TV Hindi
Image Source : PTI इंडिगो

दिल्ली में आज हो रही भारी बारिश ने लोगों भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। इसके साथ ही, बारिश ने आम जन-जीवन को भी प्रभावित किया है। दिल्ली में हो रही बारिश ने रोड ट्रैफिक के साथ ही एयर ट्रैफिक पर भी बुरा असर डाला है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बारिश की वजह से एयर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। दिल्ली से टेक-ऑफ करने वाली फ्लाइट्स के साथ-साथ दिल्ली में लैंड करने वाली फ्लाइट्स पर भी बुरा असर पड़ा है। जिसे ध्यान में रखते हुए एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने अपनी एडवाइजरी में कहा, ''भारी बारिश की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ा है। हम सलाह देते हैं कि घर से निकलने से पहले आप हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का करेंट स्टेटस चेक कर लें। साथ ही, यात्रा के लिए थोड़ा ज्यादा समय लेकर चलें, क्योंकि एयरपोर्ट के रास्ते में धीमे ट्रैफिक की वजह से सड़क से यात्रा करने में देरी हो सकती है। इस समय में हमारे साथ बने रहने और धैर्य रखने के लिए आपका धन्यवाद।''

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

राजधानी दिल्ली में लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। दिल्ली के सदर बाजार, पार्लियामेंट, मंडी हाउस समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी इस वक्त भारी बारिश हो रही है। बताते चलें कि दिल्ली और इसके आसमान के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे।

अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ घंटों तक आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश अनुमान लगाया है। इसके साथ ही आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह भी दी है।

ये भी पढ़ें

Energy Drink की गलत ब्रांडिंग मामले में कंपनियों को राहत नहीं, FSSAI ने दिया 90 दिनों का समय

Latest Business News