1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. गुजरात के धोलेरा में असेंबल होंगे हवाई जहाज, अडाणी और एम्ब्रेयर ने असेंबली यूनिट के लिए फाइनल की जगह

गुजरात के धोलेरा में असेंबल होंगे हवाई जहाज, अडाणी और एम्ब्रेयर ने असेंबली यूनिट के लिए फाइनल की जगह

अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रेयर के बीच इस साल जनवरी में भारत में रीजनल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट प्रोग्राम के लिए रणनीतिक सहयोग का समझौता हुआ था।

adani group, adani defence and aerospace, embraer, aircraft assembly unit, Dholera - India TV Hindi
Image Source : EMBRAER एम्ब्रेयर एयरक्राफ्ट

गुजरात के धोलेरा में हवाई जहाजों की असेंबली की जाएगी। अडाणी ग्रुप और ब्राजील की एयरक्राफ्ट मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी एम्ब्रेयर ने क्षेत्रीय रूटों पर इस्तेमाल होने वाले हवाई जहाजों की असेंबली यूनिट गुजरात के धोलेरा में लगाने का फैसला किया है। सूत्रों ने मंगलवार को ये जानकारी दी। अहमदाबाद के निकट स्थित धोलेरा स्पेशल इंवेस्टमेंट रीजन (DSIR) इस प्रोजेक्ट का सेंटर होगा। धोलेरा स्पेशल इंवेस्टमेंट रीजन को एक खास प्लान के तहत ग्रीन इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के रूप में डेवलप किया जा रहा है। 

अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रेयर के बीच इस साल जनवरी में हुआ था समझौता

बताते चलें कि अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रेयर के बीच इस साल जनवरी में भारत में रीजनल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट प्रोग्राम के लिए रणनीतिक सहयोग का समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत पहले असेंबली यूनिट लगाई जाएगी और बाद में चरणबद्ध तरीके से स्वदेशीकरण बढ़ाया जाएगा। ये पहल 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान और 'उड़ान' योजना के अनुरूप है। 

एयरक्राफ्ट के संभावित ऑर्डर सहित बाकी जरूरी जानकारी आनी बाकी

पीटीआई के सूत्रों ने कहा कि भारत में एम्ब्रेयर एयरक्राफ्ट की असेंबली यूनिट की स्थापना के लिए धोलेरा को फाइनल कर दिया गया है। हालांकि, एम्ब्रेयर के एयरक्राफ्ट के संभावित ऑर्डर सहित बाकी जरूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों कंपनियों ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। 

असेंबली यूनिट स्थापित करने के लिए एयरलाइन कंपनियों से पर्याप्त ऑर्डर मिलना जरूरी

एम्ब्रेयर के कमर्शियल एविएशन के प्रमुख अरजान मैजर ने हाल ही में कहा था कि भारत में असेंबली यूनिट स्थापित करने के लिए एयरलाइन कंपनियों से पर्याप्त ऑर्डर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा था कि भारत एक विशाल लेकिन जटिल बाजार है, जहां प्रति व्यक्ति हवाई यात्रा अभी भी कम है, लेकिन इसमें तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। 

अलग-अलग सेवाओं में इस्तेमाल किए जा रहे हैं एम्ब्रेयर के 50 एयरक्राफ्ट

एम्ब्रेयर भारत में कमर्शियल एविएशन, डिफेंस, बिजनेस जेट, सर्विस और अर्बन एयर मोबिलिटी जैसे सेक्टरों में अपनी उपस्थिति मजबूत करना चाहती है। फिलहाल इसके करीब 50 एयरक्राफ्ट भारत में अलग-अलग सेवाओं में इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इनमें भारतीय वायुसेना, सरकारी एजेंसियां और प्राइवेट एयरलाइन कंपनी स्टार एयर शामिल हैं। 

Latest Business News