A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Assam Biz Summit : तीन T और तीन I से होगा असम का विकास, पीयूष गोयल ने बताया राज्य के डेवलपमेंट का प्लान

Assam Biz Summit : तीन T और तीन I से होगा असम का विकास, पीयूष गोयल ने बताया राज्य के डेवलपमेंट का प्लान

पीयूष गोयल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के जॉइंट वेंचर के रूप में असम में भारत मंडपम जैसा एक स्थायी प्रदर्शनी हॉल और सम्मेलन केंद्र स्थापित किया जाएगा।

पीयूष गोयल- India TV Hindi
Image Source : FILE पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि तीन टी... ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म के साथ-साथ तीन आई... इंडस्ट्री, इंफ्रास्ट्रक्चर और इन्वेस्टमेंट... असम को विकास की ओर ले जाएंगे। गोयल ने एडवांटेज असम 2.0 इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर समिट के समापन सत्र में कहा, ‘‘असम में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र के ‘अष्टलक्ष्मी राज्यों’ का सरताज है। राज्य के लोगों की प्रतिभा, कड़ी मेहनत और आतिथ्य के कारण यह और आगे बढ़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि असम सरकार ने शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न निवेश प्रस्तावों को खारिज कर दिया, लेकिन उन व्यावहारिक और संभावित प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित किया जिन्हें लागू किया जा सकता है।

असम में बनेगा भारत मंडपम जैसा प्रदर्शनी हॉल

मंत्री ने कहा कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, विशेष रूप से एयरपोर्ट्स के आधुनिकीकरण से टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘असम को उच्च मूल्य वाले टूरिज्म को आगे बढ़ाना चाहिए जो पर्यावरण को बनाए रखता है और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है।’’ गोयल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के जॉइंट वेंचर के रूप में असम में भारत मंडपम जैसा एक स्थायी प्रदर्शनी हॉल और सम्मेलन केंद्र स्थापित किया जाएगा। मंत्री ने राज्य में 200 साल पुराने चाय उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए उपाय करेंगी कि उद्योग अपनी वैश्विक स्थिति बनाए रखे।

स्टूडेंट्स के लिए हो रहा काम

उन्होंने कहा, ‘‘असम ने पहले ही 18 नए मेडिकल कॉलेज और सात नर्सिंग कॉलेज के साथ-साथ स्थानीय छात्रों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। साथ ही विश्वविद्यालयों में विदेशी भाषा कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति करना शुरू कर दिया है।’’ गोयल ने कहा कि अपने समृद्ध संसाधनों, मजबूत नेतृत्व और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ राज्य एक भरोसेमंद और प्रगतिशील राज्य है। उन्होंने ‘एडवांटेज असम’ दो शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, आयोजकों और सभी संबंधित पक्षों को धन्यवाद दिया और राज्य की निरंतर वृद्धि तथा समृद्धि के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई।

Latest Business News