गुवाहाटी में मंगलवार को शुरू हुए 2 दिन के 'एडवांटेज असम 2.0' बिजनेस समिट का बुधवार को समापन हो गया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को बताया कि राज्य को करीब 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। निवेश की घोषणा करने वालों में रिलायंस, अडाणी, वेदांता और टाटा ग्रुप जैसे दिग्गज ग्रुप शामिल हैं। असम बिजनेस समिट के समापन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा ने कहा कि राज्य सरकार और अलग-अलग कंपनियों के बीच 2.75 लाख करोड़ रुपये के करीब 270 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने आयोजन खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘एडवांटेज असम 2.0 इंवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर समिट 2025 में कुल 4,91,500 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं जताई गई हैं।’’
जांच के बाद ही स्वीकार किए गए प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को 6 से 7 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश प्रस्ताव मिले, लेकिन इनकी उचित पड़ताल के बाद सभी प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया गया। शर्मा ने समापन समारोह के बाद कहा, ‘‘हमारे अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों की जांच की और सिर्फ उन्हीं प्रस्तावों पर आगे बढ़े जिन पर अगले तीन-चार साल में कदम उठाए जा सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि असम सरकार मात्रा की तुलना में गुणवत्ता पर ज्यादा ध्यान देती है और इतने बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त करना राज्य के लिए एक ‘निर्णायक क्षण’ है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘असम की एक अलग तरह की यात्रा होगी और ये भारत के परिदृश्य में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य होगा।’’
राज्य की विकास गाथा को आगे बढ़ाएगी टाटा की सेमीकंडक्टर यूनिट
उन्होंने कहा कि हाइड्रोकार्बन, खदानों और रीन्यूएबल एनर्जी ने सबसे ज्यादा निवेश आकर्षित किए जबकि कृषि और बागवानी क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समिट के साथ राज्य की एक ‘निर्भर’ राज्य से ‘योगदानकर्ता’ राज्य बनने की दिशा में सफर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि असम ने साल 2023 में 19 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल किया, जबकि क्राइम रेट में 66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सीएम ने कहा कि टाटा की सेमीकंडक्टर यूनिट और एनआरएल की बायो-रिफाइनरी यूनिट राज्य की विकास गाथा को आगे बढ़ाने वाली परियोजनाओं में से हैं।
असम में देश की ‘कॉन्सर्ट’ राजधानी बनने की क्षमता
सीएम ने कहा कि राज्य में देश की ‘कॉन्सर्ट’ राजधानी बनने की भी क्षमता है। इसके अलावा चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में भी असम के लिए काफी संभावनाएं हैं। कोटा ने कहा कि कुल निवेश प्रस्तावों में मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी जैसे उद्योगपतियों द्वारा की गई 1.25 लाख करोड़ रुपये और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में सरकारी कंपनियों की 78,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणाएं शामिल हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि शिखर सम्मेलन में 67 दूतावासों के प्रमुख, 76 देशों के प्रतिनिधि, 12 द्विपक्षीय एजेंसियां और 9 भागीदार देश शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘‘200 से ज्यादा विदेशी प्रतिनिधियों ने भाग लिया और 2100 से ज्यादा लोग देश के अलग-अलग हिस्सों से आए। कुल मिलाकर, 14,500 लोगों ने दो दिवसीय सम्मेलन में शिरकत की।’’
Latest Business News