A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Axis Bank Q4 Results: 7,118 करोड़ रुपये का मुनाफा, NII में 6% की ग्रोथ, जानिए शेयर का भाव

Axis Bank Q4 Results: 7,118 करोड़ रुपये का मुनाफा, NII में 6% की ग्रोथ, जानिए शेयर का भाव

एक्सिस बैंक का शेयर गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर बैंक का शेयर 0.07 फीसदी या 0.80 रुपये की बढ़त लेकर 1207.30 रुपये पर बंद हुआ।

एक्सिस बैंक- India TV Hindi
Image Source : FILE एक्सिस बैंक

प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक का शुद्ध लाभ पिछले वित्त वर्ष (2024-25) की जनवरी-मार्च तिमाही में मामूली गिरावट के साथ 7,117.5 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2023-24 की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 7,129.67 करोड़ रुपये रहा था। एक्सिस बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 38,022 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 की इसी तिमाही में 35,990 करोड़ रुपये थी।

NPA में हुआ सुधार

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (NPA) सुधरकर 1.28 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1.43 प्रतिशत थी। हालांकि, शुद्ध एनपीए वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 0.33 प्रतिशत हो गया, जो उससे पिछले साल की समान तिमाही में 0.31 प्रतिशत था। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में बैंक का शुद्ध लाभ बढ़कर 26,373 करोड़ रुपये हो गया, जो 2023-24 में 24,861 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, बैंक की कुल आमदनी 2024-25 में बढ़कर 1,47,934 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 1,31,810 करोड़ रुपये थी।

ग्रोथ बढ़ाने में मिलेगी मदद

एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अमिताभ चौधरी ने कहा, “जैसे-जैसे हम चालू वित्त वर्ष (2025-26) में बढ़ रहे हैं, हमारा मानना ​​है कि परिचालन वातावरण में सुधार हो रहा है, जिससे हमें वृद्धि और मुनाफा, दोनों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।” निदेशक मंडल ने पिछले वित्त वर्ष के लिए प्रति शेयर एक रुपये का डिविडेंड देने की सिफारिश की है। हालांकि, इसके लिए अगली वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों की मंजूरी आवश्यक होगी।

शेयर का हाल

एक्सिस बैंक का शेयर गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर बैंक का शेयर 0.07 फीसदी या 0.80 रुपये की बढ़त लेकर 1207.30 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 वीक हाई 1339.55 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 934 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 3,73,983.71 करोड़ रुपये है।

Latest Business News