1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. गुजरात में आज होगा 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ, अमित शाह इन 14 शहरों में शुरू करेंगे सेवा

गुजरात में आज होगा 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ, अमित शाह इन 14 शहरों में शुरू करेंगे सेवा

भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन मॉडल पर संचालित होता है और इससे होने वाली कमाई का ज्यादा से ज्यादा लाभ सीधे सारथियों यानी टैक्सी ड्राइवरों तक पहुंचता है।

Bharat Taxi, amit shah, gujarat, online cab booking, taxi driver- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/AMITSHAH गुजरात में आज होगा 'भारत टैक्सी' का शुभारंभ

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार  को गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन और एग्जीबिशन सेंटर से गुजरात में देश की पहली  सहकारिता-आधारित टैक्सी सेवा “भारत टैक्सी” का शुभारंभ करेंगे। गुजरात में भारत टैक्सी का सॉफ्ट-लांच दिसंबर 2025 में किया गया था। ये पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को परिवहन और मोबिलिटी क्षेत्र तक विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारत टैक्सी से जुड़े गुजरात के 1.5 से ज्यादा ड्राइवर

देश में सहकारिता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले गुजरात ने भारत टैक्सी के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। देशभर में 7 लाख सारथियों में से 1.5 लाख से ज्यादा सारथी गुजरात से जुड़ चुके हैं और पूरे भारत में 37 लाख से ज्यादा ग्राहक भारत टैक्सी की सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।

राज्य के इन 14 शहरों में शुरू होगी भारत टैक्सी सेवा

भारत टैक्सी का शुभारंभ गुजरात के 14 प्रमुख शहरों- अहमदाबाद, सूरत, द्वारका, वडोदरा, राजकोट, सोमनाथ, वलसाड, आनंद, जामनगर, भावनगर, नडियाद, जूनागढ़, मेहसाणा और अमरेली में किया जाएगा। अगले एक महीने के भीतर पूरे गुजरात में इसकी सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

टैक्सी ड्राइवरों को मिलते हैं कई तरह के फायदे

भारत टैक्सी, बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत है और 6 जून 2025 को स्थापित की गई थी। भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन मॉडल पर संचालित होता है और इससे होने वाली कमाई का ज्यादा से ज्यादा लाभ सीधे सारथियों यानी टैक्सी ड्राइवरों तक पहुंचता है। इसके साथ ही सारथियों को बीमा, ऋण, पेंशन तथा विभिन्न सरकारी सामाजिक योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाता है। ग्राहकों के लिए भारत टैक्सी सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल के साथ-साथ गुजरात पुलिस के सहयोग से सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित करती है। यात्री बाइक, ऑटो और कैब सहित विभिन्न परिवहन विकल्पों में से अपनी सुविधानुसार चुनाव कर सकते हैं।

‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा को साकार करता है भारत टैक्सी

भारत टैक्सी सहकारिता के सिद्धांतों पर आधारित एक डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जो ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा को साकार करता है। इस मॉडल के अंतर्गत टैक्सी चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के सहभागी और मालिक भी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और स्वामित्व का लाभ प्राप्त होता है।

कार्यक्रम में ये बड़े नेता भी होंगे शामिल

कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और भारत टैक्सी से जुड़े 4,000 से ज्यादा सारथी हिस्सा लेंगे।

ये भी पढ़ें-

Bharat Taxi का धमाका: 35 लाख+ यूजर्स और 6 लाख+ ड्राइवरों के साथ बनी दुनिया की सबसे बड़ी मोबिलिटी कोऑपरेटिव

Latest Business News