1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बिहार सरकार ने ₹350 करोड़ की 20 औद्योगिक परियोजनाओं को दी मंजूरी, जानें किन जिलों को मिलेगा फायदा

बिहार सरकार ने ₹350 करोड़ की 20 औद्योगिक परियोजनाओं को दी मंजूरी, जानें किन जिलों को मिलेगा फायदा

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना मंजूरी समिति की बैठक में उन प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई, जिनसे लगभग 2300 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।

bihar, bihar government, industrial projects, kumarbagh, begusarai, hajipur, sasaram- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY सांकेतिक तस्वीर

बिहार सरकार ने शनिवार को लगभग 350 करोड़ रुपये के 20 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही, राज्य सरकार ने इन प्रोजेक्ट्स की स्थापना के लिए लगभग 30 एकड़ जमीन भी आवंटित कर दी है। बिहार सरकार के अधिकारियों ने बताया कि उद्योग विभाग के तहत चलाए जाने वाले बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना मंजूरी समिति की बैठक में उन प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई, जिनसे लगभग 2300 लोगों के लिए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इस बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अन्य सीनियर अधिकारी शामिल हुए।

निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में जुटी बिहार सरकार

विभाग ने एक बयान में कहा, ''समिति ने 20 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी और उनकी स्थापना के लिए लगभग 30 एकड़ जमीन आवंटित की। इन परियोजनाओं से लगभग 350 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने और पूरे राज्य में लगभग 2300 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।'' इस मौके पर सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में समावेशी औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ''सरकार मजबूत बुनियादी ढांचे, बेहतर संपर्क सुविधा, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत नीतिगत समर्थन के माध्यम से निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में लगी है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित और प्रभावी कार्यान्वयन हो सके।'' 

बिहार के किन जिलों में स्थापित किए जाएंगी स्वीकृत परियोजनाएं

बिहार सरकार की तरफ से बयान में कहा गया है कि जिन प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई हैं, वो प्रोजेक्ट्स फूड प्रोसेसिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) कंस्ट्रक्शन, फर्नीचर, पीवीसी और यूपीवीसी पाइप मैन्यूफैक्चरिंग, हेल्थ सर्विस और जनरल कंस्ट्रक्शन जैसे सेक्टर से जुड़ी हुए हैं। ये प्रोजेक्ट्स बिहार के अलग-अलग जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे, जिनमें औद्योगिक क्षेत्र (IA) कुमारबाग, आईजीसी बेगूसराय, आईए हाजीपुर, आईए पाटलिपुत्र, आईए बरियारपुर और आईए सासाराम शामिल हैं।

Latest Business News