प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स ने बुधवार को बिहार के NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतियाह सेक्शन के 4-लेन निर्माण को हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) पर मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल लंबाई 78.942 किलोमीटर है, जिसकी अनुमानित लागत ₹3,822.31 करोड़ निर्धारित की गई है। यह प्रस्तावित 4-लेन ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट बिहार की राजधानी पटना को बेतिया से जोड़ते हुए उत्तरी बिहार के प्रमुख जिलों- वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण को नेपाल सीमा के निकटवर्ती क्षेत्रों से जोड़ेगा।
क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बड़ा सपोर्ट
यह परियोजना लंबी दूरी के मालवाहक वाहनों के आवागमन को आसान बनाएगी, बुनियादी ढांचे तक पहुंच बढ़ाएगी और कृषि, उद्योग और सीमा पार व्यापार मार्गों से जुड़ी क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। इस योजना के अंतर्गत सात पीएम गति शक्ति आर्थिक नोड्स, छह सामाजिक नोड्स, आठ लॉजिस्टिक नोड्स और नौ प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत केसरिया बुद्ध स्तूप (साहेबगंज), सोमेश्वरनाथ मंदिर (अरेराज), जैन मंदिर और विश्व शांति स्तूप (वैशाली), महावीर मंदिर (पटना) जैसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक केंद्रों तक पहुंच और सुदृढ़ होगी, जिससे बिहार के बौद्ध सर्किट और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
साहेबगंज से बेतिया सिर्फ 1 घंटे में
NH-139W को एक हाई स्पीड वाले मार्ग के तौर पर विकसित किया जाएगा, जो वर्तमान में भीड़भाड़ वाले और घुमावदार रास्तों का विकल्प प्रस्तुत करेगा। यह मार्ग NH-31, NH-722, NH-727, NH-27 और NH-227A जैसे राष्ट्रीय राजमार्गों से भी जुड़ाव प्रदान करेगा। ग्रीनफील्ड परियोजना के तहत वाहनों की औसत गति 80 किमी/घंटा होगी, जो डिजाइन गति 100 किमी/घंटा के करीब है। इससे साहेबगंज और बेतिया के बीच यात्रा समय 2.5 घंटे से घटकर मात्र 1 घंटे तक आ जाएगा, जिससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों के लिए तेज़, सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित होगी।
यह परियोजना लगभग 14.22 लाख प्रत्यक्ष और 17.69 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगी। साथ ही, इसके आसपास की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि के कारण और भी नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे, जो क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
Latest Business News