प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई नीति आयोग की 10वीं शासी परिषद की बैठक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने प्रधानमंत्री मोदी का सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ चलाए सफल अभियान ऑपेरशन सिंदूर के लिए आभार माना और बधाई दीं। उन्होंने बताया कि देश की सशस्त्र सेना ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से त्वरित गति से दुश्मन को घर में घुसकर मारने का बहुत बड़ा पराक्रम प्राप्त किया है। CM यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ग्यारहवें नंबर की अर्थव्यवस्था से आज चौथे स्थान पर आ गया है और वर्ष 2047 तक यह शीर्ष अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को 30 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए मध्यप्रदेश 2 अरब डॉलर का योगदान देगा। विकसित भारत और समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के उद्देश्य से युवा, किसान, गरीब और महिला कल्याण से संबंधित विभागवार लक्ष्य और समयबद्ध योजना बनाई है।
30 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि बैठक में भारत को 30 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने सुखद और स्वस्थ वातावरण में अपने रोडमैप, शिक्षा, चिकित्सा, इत्यादि सेक्टरों की योजनाओं तथा नवाचारों का प्रस्तुतिकरण दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीति आयोग की शासी परिषद की दसवीं बैठक में राज्यों आर केंद्र शासित प्रदेशों का अब तक का सर्वाधिक प्रतिनिधित्व रहा, जिसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और नीति आयोग बधाई के पात्र हैं।
'टीम इंडिया' की भावना के साथ काम कर रहे
सीएम यादव ने एक्स पर लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में 'विकसित राज्य फॉर विकसित भारत @ 2047' थीम पर आधारित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक में सम्मिलित होकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सभी राज्य मिलकर 'टीम इंडिया' की भावना के साथ काम कर रहे हैं। आज मध्यप्रदेश भी विकास और लोककल्याण के संकल्प पथ पर अग्रसर हो नित नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण के विजन से प्रेरित होकर हम मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की प्रथम पंक्ति में स्थापित करने के लिए संकल्पित हैं।
Latest Business News