दुग्ध उत्पादन में शामिल तमिलनाडु के डेयरी किसानों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को दूध की खरीद कीमतों में एक बार फिर 3 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस ताजा बढ़ोतरी के साथ किसानों को एक लीटर दूध के लिए 44 रुपये मिलेंगे। राज्य सरकार के इस फैसले से सरकारी खजाने पर सालाना 720 करोड़ रुपये का बोझ आएगा। बताते चलें कि इससे पहले, 19 अगस्त को ही मुख्यमंत्री ने दूध की खरीद कीमतों में 3 रुपये की बढ़ोतरी की थी।
सरकार ने 12 दिनों के भीतर दूध की खरीद कीमतों में किया 6 रुपये प्रति लीटर का इजाफा
तमिलनाडु सरकार ने 12 दिनों के भीतर दूसरी बार दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी की है। सरकार के इस फैसले से राज्य के तमाम पशुपालकों की ज्यादा कमाई होनी तय है। इसके अलावा, दूध की खरीद कीमतें बढ़ने से डेयरी किसान अब ज्यादा बचत कर पाएंगे और उनकी क्रय शक्ति भी मजबूत होगी। राज्य सरकार ने 19 अगस्त को की गई घोषणा में दूध की खरीद कीमत को 38 रुपये प्रति लीटर से 3 रुपये बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की थी। जिसके बाद, आज एक बार फिर सरकार ने दूध की खरीद कीमत को 41 रुपये प्रति लीटर से 3 रुपये बढ़ाकर 44 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा कर दी है।
18 अगस्त तक किसानों को 1 लीटर दूध के लिए मिल रहे थे 38 रुपये
तमिलनाडु के डेयरी किसानों को 18 अगस्त तक एक लीटर दूध के लिए 38 रुपये मिल रहे थे। लेकिन, 12 दिनों के अंदर हुई 6 रुपये की बढ़ोतरी से अब उन्हें एक लीटर दूध के लिए 44 रुपये मिलेंगे। तमिलनाडु सरकार ने पशुपालन की बढ़ती लागत को ध्यान में रखकर ये फैसला लिया है।
कांचीपुरम जिले में बनाया जाएगा सेमीकंडक्टर
दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने राज्य के लिए और भी बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि कांचीपुरम जिले के मदुरामंगलम में एक सेमीकंडक्टर पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा, चेन्नई में बिजली कटौती की समस्या से निपटने के लिए 1762 करोड़ रुपये की लागत से एक नया बिजली कॉरिडोर बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें
90 डॉलर के पार पहुंची कच्चे तेल की कीमतें, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव बढ़ने से चढ़े भाव
Latest Business News