A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डालमिया भारत खरीदेगा Jaypee Group का सीमेंट कारोबार, 2850 करोड़ रुपये में होगी डील

डालमिया भारत खरीदेगा Jaypee Group का सीमेंट कारोबार, 2850 करोड़ रुपये में होगी डील

डालमिया भारत ने बताया कि ये सौदा अगले दो हफ्तों के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। इस अधिग्रहण के बाद डालमिया भारत की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़कर 5.47 करोड़ टन प्रति वर्ष हो जाएगी।

Dalmia Bharat, Jaypee Group, cement, cement business, jaypee cement, jaypee group, jayprakash associ- India TV Hindi
Image Source : JAL INDIA जेपी सीमेंट प्लांट

डालमिया भारत कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स की सीमेंट परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करेगा। कंपनी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। डालमिया भारत ने कहा कि वो कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स की सीमेंट परिसंपत्तियों का 2,850 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर अधिग्रहण करेगा। बताते चलें कि दिग्गज उद्योगपति गौतम अडाणी के नेतृत्व वाली अडाणी एंटरप्राइजेज ने दिवाला प्रक्रिया के तहत अभी हाल ही में जयप्रकाश एसोसिएट्स का अधिग्रहण किया है। डालमिया भारत के पूर्ण-स्वामित्व वाली कंपनी डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड ने सीमेंट परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के साथ व्यापार हस्तांतरण समझौते (बीटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं। 

दो हफ्तों के अंदर पूरी हो जाएगी डील

डालमिया भारत ने बताया कि ये सौदा अगले दो हफ्तों के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। इस अधिग्रहण के बाद डालमिया भारत की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़कर 5.47 करोड़ टन प्रति वर्ष हो जाएगी। कंपनी ने कहा कि व्यापार हस्तांतरण समझौते के तहत मध्य प्रदेश के रीवा और उत्तर प्रदेश के चुर्क, चुनार और सदवा स्थित सीमेंट प्लांटों का अधिग्रहण किया जाएगा। इन प्लांटों की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 52 लाख टन प्रति वर्ष है। ये सौदा 2,850 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हुआ है। इसके अलावा, अधिग्रहीत परिसंपत्तियों में 99 मेगावाट की ताप विद्युत क्षमता भी शामिल है। कंपनी ने कहा कि ये सौदा ऋण और आंतरिक संसाधनों के संयोजन से पूरा किया जाएगा।

जून, 2024 में कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया में शामिल हुआ था जयप्रकाश एसोसिएट्स

बताते चलें कि जेपी ग्रुप की प्रमुख कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स को 57,185 करोड़ रुपये कर्ज के भुगतान में चूक के बाद जून, 2024 में कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया में शामिल किया गया था। जयप्रकाश एसोसिएट्स की ग्रेटर नोएडा में जेपी ग्रीन्स जैसी प्रमुख रियल एस्टेट परियोजनाएं हैं। इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 4 सीमेंट प्लांट हैं और मध्य प्रदेश में कुछ पट्टे पर ली गई चूना पत्थर की खदानें हैं। इसके अलावा, इसने जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड, यमुना एक्सप्रेसवे टोलिंग लिमिटेड, जेपी इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड और कई अन्य कंपनियों सहित सब्सिडरी कंपनियों में भी निवेश किया है।

Latest Business News