A
Hindi News पैसा बिज़नेस DDA Scheme: राजधानी दिल्ली में मात्र ₹11.8 लाख में खरीदें फ्लैट, 7 नवंबर से शुरू हो रही है बुकिंग

DDA Scheme: राजधानी दिल्ली में मात्र ₹11.8 लाख में खरीदें फ्लैट, 7 नवंबर से शुरू हो रही है बुकिंग

डीडीए से मिली जानकारी के मुताबिक, ये फ्लैट्स दिल्ली के नरेला, रोहिणी, रामगढ़ कॉलोनी और शिवाजी मार्ग में उपलब्ध हैं।

dda, dda flats, dda scheme, dda housing scheme, delhi development authority, dda jan sadharan awas y- India TV Paisa Image Source : DDA ''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर अलॉट किए जाएंगे फ्लैट (सांकेतिक तस्वीर)

DDA Scheme: दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए की नई स्कीम जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2 के तहत कल यानी शुक्रवार, 7 नवंबर से बुकिंग शुरू हो रही है। इस नई स्कीम के तहत शुक्रवार को दोपहर 12.00 बजे से फ्लैट की बुकिंग की जा सकेगी। बताते चलें कि जन साधारण आवास योजना फेज-1 को होमबायर्स से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद डीडीए रेडी-टू-मूव 1500 से ज्यादा फ्लैटों के साथ स्कीम के दूसरे फेज की शुरुआत करने जा रहा है। इस स्कीम में EWS और LIG कैटेगरी के फ्लैटों की कीमत 11.8 लाख रुपये से शुरू होकर 32.7 लाख रुपये तक होगी।

नरेला में 1120 फ्लैट उपलब्ध

फ्लैट की बुकिंग के लिए आपको डीडीए की वेबसाइट https://eservices.dda.org.in पर जाना होगा। डीडीए से मिली जानकारी के मुताबिक, ये फ्लैट्स दिल्ली के नरेला, रोहिणी, रामगढ़ कॉलोनी और शिवाजी मार्ग में उपलब्ध हैं। नरेला और शिवाजी पार्क (मोती नगर के नजदीक) में सिर्फ EWS कैटेगरी के फ्लैट हैं। जबकि, रोहिणी सेक्टर 34, 35 और रामगढ़ कॉलोनी (जहांगीरपुरी के नजदीक) में सिर्फ LIG कैटेगरी के फ्लैट उपलब्ध हैं। नरेला में कुल फ्लैट की संख्या 1120 है और इनका साइज 34.8 से लेकर 35.1 वर्ग मीटर है। इन फ्लैट की कीमत 13.7 लाख से 13.8 लाख रुपये है लेकिन 15 प्रतिशत डिस्काउंट के बाद इन फ्लैटों की कीमत 11.8 से 11.9 लाख रुपये हो जाएगी।

रोहिणी में भी फ्लैट खरीदने का शानदार मौका

रोहिणी के सेक्टर 34 और 35 में कुल 308 एलआईजी फ्लैट हैं, जिनका साइज 33.3 से 33.9 वर्ग मीटर हैं। इन फ्लैटों की कीमत 14.00 से 14.2 लाख रुपये के बीच है और इन पर कोई डिस्काउंट नहीं है। रामगढ़ कॉलोनी में 73 एलआईजी फ्लैट हैं, जिनका साइज 31.9 से 35.3 वर्ग मीटर है। इन फ्लैटों की कीमत 15.3 लाख से 16.9 लाख रुपये है, लेकिन 15 प्रतिशत के डिस्काउंट के बाद इन फ्लैटों की कीमत भी घटकर 13.1 से लेकर 14.5 लाख रुपये के बीच हो जाएगी। शिवाजी मार्ग में कुल 36 ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के फ्लैट हैं, जिनका साइज 33.1 से 45.1 वर्ग मीटर के बीच है। इन फ्लैटों की कीमत 25.2 लाख से 32.7 लाख रुपये है, इन फ्लैटों पर भी कोई डिस्काउंट नहीं है।

''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर अलॉट किए जाएंगे फ्लैट

डीडीए की जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2 के तहत LIG फ्लैट के लिए 1 लाख रुपये बुकिंग अमाउंट रखा गया है, जबकि EWS फ्लैट की बुकिंग के लिए आपको 50,000 रुपये देने होंगे। बताते चलें कि ये फ्लैट्स ''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर अलॉट किए जाएंगे। इसलिए, इन्हें बिकने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। डीडीए के मुताबिक, ये सभी फ्लैट रेडी-टू-मूव के साथ-साथ फ्री होल्ड भी हैं। डीडीए की जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2 के तहत फ्लैटों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आप टोल फ्री नंबर 1800-11-0332 पर कॉल कर सकते हैं या नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर सकते हैं।

डीडीए जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2

Latest Business News