1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. DDA Scheme: दिल्ली में सिर्फ ₹39 लाख में प्रीमियम फ्लैट खरीदने का मौका, आज शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन

DDA Scheme: दिल्ली में सिर्फ ₹39 लाख में प्रीमियम फ्लैट खरीदने का मौका, आज शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन

डीडीए अपनी इस स्कीम के तहत करीब 327 फ्लैट के साथ-साथ कार/स्कूटर के लिए पार्किंग स्पेस भी उपलब्ध कराएगा।

dda, dda scheme, dda flats, dda upcoming scheme, dda housing schemes, dda housing scheme, delhi deve- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK 327 फ्लैटों के लिए होगा ई-ऑक्शन (सांकेतिक तस्वीर)

DDA (दिल्ली विकास प्राधिकरण) की प्रीमियम हाउसिंग स्कीम के तहत ई-ऑक्शन के लिए आज (26 अगस्त) सुबह 11.00 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहे हैं। इसके साथ ही, आज EMD का सबमिशन भी शुरू हो रहा है। ई-ऑक्शन में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन और ईएमडी के सबमिशन की आखिरी तारीख 24 सितंबर (शाम 6.00 बजे तक) तय की गई है। जिसके बाद 30 सितंबर को ई-ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। डीडीए की इस हाउसिंग स्कीम के तहत, दिल्ली के बेहतरीन और पॉश इलाकों में रेडी-टू-मूव घर खरीदने का इससे अच्छा मौका शायद ही कभी मिलेगा।

327 फ्लैटों के लिए होगा ई-ऑक्शन

रेडी-टू-मूव घरों का मतलब वैसे घर, जो रहने के लिए पूरी तरह से तैयार होते हैं। ऐसे घरों में सिर्फ आपको अपना सामान ले जाना होता है। आप चाहें तो फ्लैट पसंद करके बुक कर सकते हैं। डीडीए ग्राहकों को फ्लैट दिखाने की भी सुविधा प्रदान कर रहा है। डीडीए अपनी इस स्कीम के तहत करीब 327 फ्लैट के साथ-साथ कार/स्कूटर के लिए पार्किंग स्पेस भी उपलब्ध कराएगा। दिल्ली के प्रमुख लोकेशन पर बनाए गए इन फ्लैटों और पार्किंग स्पेस की बुकिंग ई-ऑक्शन के दौरान ही की जाएगी।

किन इलाकों में कौन-से फ्लैट उपलब्ध

डीडीए की इस प्रीमियम हाउसिंग स्कीम के तहत वसंत कुंज, जसोला (पॉकेट 9B) और द्वारका (सेक्टर 19B) में HIG फ्लैट उपलब्ध हैं। जहांगीरपुरी, नंद नगरी, द्वारका और पीतमपुरा में MIG फ्लैट और रोहिणी में LIG फ्लैट उपलब्ध हैं। पॉकेट नाइन, नसीरपुर, द्वारका में EHS फ्लैट उपलब्ध हैं। इनके अलावा, रोहिणी सेक्टर 18 और शालीबार बाग में SFS कैटेगरी के 2 फ्लैट उपलब्ध हैं। डीडीए ने अपनी इस स्कीम के तहत, सभी कैटेगरी के फ्लैटों के लिए रिजर्व प्राइस भी तय कर रखा है।

क्या होगी प्रीमियम फ्लैटों की कीमत

एचआईजी फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 1.64 करोड़ रुपये से लेकर 2.54 करोड़ रुपये तक है। एमआईजी फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 60 लाख रुपये से 1.5 करोड़ रुपये तक है, एलआईजी फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 39 लाख रुपये से लेकर 54 लाख रुपये के बीच है। SFS टाइप-II के फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 90 लाख रुपये से लेकर 1.07 करोड़ रुपये के बीच है। ईएचएस फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 38.7 लाख रुपये है। बताते चलें कि कार और स्कूटर पार्किंग के लिए रिजर्व प्राइस, आपके फ्लैट और लोकेशन के आधार पर 3.17 लाख रुपये से 43 लाख रुपये तक है।

Latest Business News