1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. DDA Scheme: 24 घंटे के भीतर बुक हो गए 1000 से ज्यादा फ्लैट, ₹11.8 लाख है शुरुआती कीमत- जानें डिटेल्स

DDA Scheme: 24 घंटे के भीतर बुक हो गए 1000 से ज्यादा फ्लैट, ₹11.8 लाख है शुरुआती कीमत- जानें डिटेल्स

जन साधारण आवास योजना फेज-1 को होमबायर्स से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद डीडीए ने रेडी-टू-मूव 1500 से ज्यादा फ्लैटों के साथ स्कीम के दूसरे चरण को शुरू किया है।

dda, dda flats, dda scheme, dda housing scheme, delhi development authority, dda jan sadharan awas y- India TV Hindi
Image Source : DDA 24 घंटे के भीतर बुक हो गए 1000 से ज्यादा फ्लैट

DDA Scheme: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने शुक्रवार, 7 नवंबर से अपनी जन साधारण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत फ्लैटों की बुकिंग शुरू कर दी है। इस योजना में निम्न आय वर्ग (LIG) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) कैटेगरी के तहत फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे, जो दिल्ली की प्रमुख जगहों शिवाजी मार्ग, रामगढ़ कॉलोनी, रोहिणी और नरेला में स्थित हैं। डीडीए की इस स्कीम में अलॉट किए जाने वाले कुल फ्लैटों की संख्या 1500 से ज्यादा है, लेकिन अब उपलब्ध फ्लैटों की संख्या करीब 500 रह गई है, जो नरेला में हैं। जी हां, डीडीए की इस स्कीम को पहले ही दिन बंपर बुकिंग प्राप्त हुई है।

24 घंटे के भीतर बुक हो गए 1000 से ज्यादा फ्लैट

डीडीए ने एक बयान में बताया, ''रोहिणी, रामगढ़ कॉलोनी और शिवाजी मार्ग के सभी फ्लैट पहले दिन ही बुक हो गए।'' बयान के मुताबिक, पहले 24 घंटों के भीतर 1,000 से ज्यादा फ्लैट बुक हो गए हैं, जो डीडीए के किफायती आवास कार्यक्रमों में जनता के उत्साह और विश्वास को दर्शाता है। दिल्ली के उप-राज्यपाल वी. के. सक्सेना ने योजना की प्रगति की समीक्षा की और इसके क्रियान्वयन तथा जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।

11.8 लाख रुपये से शुरू होकर 32.7 लाख रुपये है फ्लैटों की कीमत

जन साधारण आवास योजना फेज-1 को होमबायर्स से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद डीडीए ने रेडी-टू-मूव 1500 से ज्यादा फ्लैटों के साथ स्कीम के दूसरे चरण को शुरू किया है। इस स्कीम में EWS और LIG कैटेगरी के फ्लैटों की कीमत 11.8 लाख रुपये से शुरू होकर 32.7 लाख रुपये तक है। नरेला और शिवाजी पार्क में सिर्फ EWS कैटेगरी के फ्लैट हैं। जबकि, रोहिणी सेक्टर 34, 35 और रामगढ़ कॉलोनी में सिर्फ LIG कैटेगरी के फ्लैट उपलब्ध हैं। 

नरेला में सबसे ज्यादा 1120 फ्लैट

नरेला में कुल फ्लैट की संख्या 1120 है और इनका साइज 34.8 से लेकर 35.1 वर्ग मीटर है। इन फ्लैट की कीमत 13.7 लाख से 13.8 लाख रुपये है लेकिन 15 प्रतिशत डिस्काउंट के बाद इन फ्लैटों की कीमत 11.8 से 11.9 लाख रुपये हो जाएगी। रोहिणी के सेक्टर 34 और 35 में कुल 308 एलआईजी फ्लैट हैं, जिनका साइज 33.3 से 33.9 वर्ग मीटर हैं। इन फ्लैटों की कीमत 14.00 से 14.2 लाख रुपये के बीच है और इन पर कोई डिस्काउंट नहीं है।

रामगढ़ कॉलोनी में 73 एलआईजी फ्लैट

रामगढ़ कॉलोनी में 73 एलआईजी फ्लैट हैं, जिनका साइज 31.9 से 35.3 वर्ग मीटर है। इन फ्लैटों की कीमत 15.3 लाख से 16.9 लाख रुपये है, लेकिन 15 प्रतिशत के डिस्काउंट के बाद इन फ्लैटों की कीमत भी घटकर 13.1 से लेकर 14.5 लाख रुपये के बीच हो जाएगी। शिवाजी मार्ग में कुल 36 ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के फ्लैट हैं, जिनका साइज 33.1 से 45.1 वर्ग मीटर के बीच है। इन फ्लैटों की कीमत 25.2 लाख से 32.7 लाख रुपये है, इन फ्लैटों पर भी कोई डिस्काउंट नहीं है।

बुकिंग के लिए देने हैं 1 लाख रुपये

डीडीए की जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2 के तहत LIG फ्लैट के लिए 1 लाख रुपये बुकिंग अमाउंट रखा गया है, जबकि EWS फ्लैट की बुकिंग के लिए आपको 50,000 रुपये देने होंगे। बताते चलें कि ये फ्लैट्स ''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर अलॉट किए जाएंगे। डीडीए की जन साधारण आवास योजना 2025 फेज-2 के तहत फ्लैटों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आप टोल फ्री नंबर 1800-11-0332 पर कॉल कर सकते हैं।

Latest Business News