1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 2 से नहीं पकड़ सकेंगे फ्लाइट, कल से अस्थायी रूप से हो जाएगा बंद, जानें वजह

दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 2 से नहीं पकड़ सकेंगे फ्लाइट, कल से अस्थायी रूप से हो जाएगा बंद, जानें वजह

टर्मिनल 2 चार से छह महीने के लिए बंद रह सकता है। इससे जुड़े रिनोवेशन का काम सितंबर तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे में तीन टर्मिनल और चार रनवे हैं।

पैसेंजर्स को प्रस्थान/आगमन टर्मिनल की जांच करने के बाद ही घर से निकलना चाहिए।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पैसेंजर्स को प्रस्थान/आगमन टर्मिनल की जांच करने के बाद ही घर से निकलना चाहिए।

अगर आपकी 15 अप्रैल को या इससे आगे की तारीख में फ्लाइट है तो एयरपोर्ट जाते समय अपनी फ्लाइट के लिए टर्मिनल कन्फर्म जरूर कर लीजिएगा। आप टर्मिनल 2 से फ्लाइट नहीं पकड़ पाएंगे, इसके बदले आपको किसी और टर्मिनल पर जाना पड़ेगा। दरअसल, 15 अप्रैल से मेंटेनेंस वर्क (रखरखाव कार्य) करने के लिए एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। पीटीआई की खबर के मुताबिक, एक रनवे पहले से ही मेंटेनेंस को लेकर बंद है। बता दें, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) में तीन टर्मिनल और चार रनवे हैं।

भीड़भाड़ होने की संभावना नहीं

खबर के मुताबिक, नागरिक उड्डयन सचिव वुमलुनमंग वुलनाम ने सोमवार को कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर टर्मिनल 3, पूरी तरह से चालू टर्मिनल 1 के साथ-साथ पैसेंजर ट्रैफिक को संभालने में सक्षम होगा। वुलनाम ने जोर दिया कि रखरखाव कार्यों के लिए टर्मिनल 2 के बंद होने के चलते भीड़भाड़ होने की संभावना नहीं है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है।

इंडिगो की फ्लाइट टर्मिनल 1 से ऑपरेट होगी

यह पूछे जाने पर कि क्या टी2 के बंद होने के कारण भीड़भाड़ हो सकती है, सचिव ने कहा, नहीं, ऐसा नहीं है। टी1 अब पूरी तरह से चालू हो गया है। टर्मिनल 1 में जितनी भी क्षमता की जरूरत होगी, वह पूरी हो जाएगी। इंडिगो ने कहा कि 15 अप्रैल से टी2 पर आने और जाने वाली उसकी फ्लाइट्स टर्मिनल 1 से ऑपरेट होंगी। एयरलाइन ने सोमवार को कहा कि उसने यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं कि ग्राहकों को टर्मिनल में बदलाव के बारे में अच्छी तरह से जानकारी हो। एयरलाइन सभी यात्रियों और उनके संबंधित ट्रैवल एजेंटों से एसएमएस, कॉल और ईमेल के जरिये संपर्क कर उन्हें सूचित कर रही है।

टर्मिनल की जांच के बाद घर से निकलें

इंडिगो ने सलाह जारी करते हुए कहा है कि पैसेंजर्स को प्रस्थान/आगमन टर्मिनल की जांच करने के बाद ही घर से निकलना चाहिए। पैसेंजर्स एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर पीएनआर हासिल कर सकते हैं। इस बीच, भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने के प्रयासों के बारे में, सचिव ने कहा कि डायरेक्ट फ्लाइट्स फिर से शुरू करने के लिए चर्चा शुरू हो गई है। हमारे विदेश मंत्रालय ने अपने समकक्ष के साथ डायरेक्ट फ्लाइट्स दोबारा शुरू करने के लिए सैद्धांतिक सहमति बना ली है। विदेश मंत्रालय के मार्गदर्शन में, हम इसे पूरा करेंगे।

Latest Business News